रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने दो दिवसीय रायबरेली दौरे के दौरान मंगलवार को केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश “आर्थिक तूफान” की ओर बढ़ रहा है और इसका सबसे अधिक असर आम जनता, युवाओं, किसानों तथा छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा।
राहुल गांधी ने बछरांवा क्षेत्र में एक नवनिर्मित बारात घर का लोकार्पण करने के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योगपति अडाणी और अंबानी के पक्ष में जो आर्थिक ढांचा तैयार किया है, वह टिकाऊ नहीं है और आने वाले समय में पूरी तरह ढह जाएगा। इसके चलते देश की अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लग सकता है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता को भविष्य में “आर्थिक शॉक” झेलना पड़ सकता है। श्री गांधी ने कहा कि इसका प्रभाव बड़े उद्योगपतियों या सत्ता में बैठे लोगों पर नहीं, बल्कि किसानों, युवाओं और छोटे कारोबारियों पर पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाला समय आम लोगों के लिए कठिन होने वाला है।
कांग्रेस सांसद ने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री लोगों को विदेश यात्रा नहीं करने और आत्मनिर्भर बनने की सलाह दे रहे हैं, जबकि दूसरी ओर वह स्वयं लगातार विदेश दौरों पर जा रहे हैं।
राहुल गांधी मंगलवार को अपने दो दिवसीय रायबरेली दौरे पर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने बछरांवा में बारात घर का उद्घाटन करने के अलावा खीरो क्षेत्र में जनसंवाद कार्यक्रम तथा लालगंज में महिला संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इसके अतिरिक्त रायबरेली शहर के पहलवान वीर बाबा क्षेत्र में एक डामर सड़क का लोकार्पण भी किया। उनके कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार रात्रि विश्राम भुये मऊ गेस्ट हाउस में होगा, जहां वह जनप्रतिनिधियों से मुलाकात भी करेंगे। बुधवार सुबह वह लोधवारी क्षेत्र में अमर शहीद वीरा पासी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे तथा बहुजन स्वाभिमान सभा में भी शामिल होंगे।