0 रेलवे ने यात्रियों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों के बारे में हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना देने की अपील की
नई दिल्ली। रेलवे ने यात्रियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधियों या उसमें शामिल व्यक्तियों के बारे में सूचना हेल्पलाइन नंबर 139 सूचना देने की अपील की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को यहां हाल में घटित हुई घटनाओं को लेकर यहां अधिकारियों के साथ यात्रियों और रेल सम्पत्ति की सुरक्षा को लेकर उठाये जा रहे कदमों को लेकर उच्च-स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की।
इस दौरान ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एक बेहतर रिपोर्टिंग प्रणाली के माध्यम से जमीनी स्तर से खुफिया जानकारी जुटाने की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त तकनीक-आधारित सुरक्षा प्रणालियों को उन्नत बनाने, पूरे रेल नेटवर्क में सीसीटीवी कवरेज का विस्तार करने और रेलवे बोर्ड मुख्यालय तथा विभिन्न क्षेत्रीय मंडलों के बीच परिचालन सुरक्षा समन्वय को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में साइबर सुरक्षा को मज़बूत करने, कैमरों के स्पेसिफिकेशन को उन्नत करने और कृत्रिम बुद्धिमता-आधारित निगरानी और निगरानी प्रणाली लगाने पर भी ज़ोर दिया गया। इसके अलावा रेलवे नेटवर्क पर ज़्यादा असरदार सुरक्षा प्रबंधन के लिए आरपीएफ और सरकारी रेलवे पुलिस के बीच जानकारी शेयर करने के तरीकों को बेहतर बनाकर तालमेल को मज़बूत करने पर भी खास ध्यान दिया गया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने श्री वैष्णव को बताया कि रेलवे ट्रेनों, यात्रियों, स्टेशन परिसर और अपने विशाल रेल नेटवर्क की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमता (एआई), ड्रोन, सीसीटीवी जैसे नवीनतम तकनीकी उपकरणों का बड़े पैमाने पर उपयोग कर रहा है। यह कार्य 'मिशन मोड' में किया जा रहा है और इसके तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के बीट स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाने की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
इस बैठक में श्री वैष्णव के अलावा रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और रवनीत सिंह बिट्टू के साथ-साथ रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार और देश भर से आए क्षेत्रीय अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में घटित हुईं घटनाओं (जिनमें आग लगने की कुछ हाल की घटनाएं भी शामिल हैं) की शुरुआती जांच में असामाजिक तत्वों की संलिप्तता के संकेत मिले हैं। भारतीय रेलवे ने इन घटनाओं को गंभीरता से लिया है और आरपीएफ इनकी जांच कर रहा है। कई मामलों में, रेलवे द्वारा की गयी त्वरित और सक्रिय कार्रवाई की बदौलत बड़ी दुर्घटनाओं को टालने में सफलता मिली है। रेलवे ने गुरुवार को जारी विज्ञप्ति में कहा है कि बैठक में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए खुफिया प्रणालियों को मजबूत करने और सूचनाओं पर तेजी से कार्रवाई करने के लिए तकनीक का उपयोग करने के अलावा यात्रियों को भी इस बात के लिए और अधिक प्रोत्साहित करेगा कि वे अपनी यात्रा के दौरान और स्टेशन परिसर में प्रतीक्षा करते समय असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयासों में सक्रिय रूप से सहयोग करें।
रेलवे ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे यात्रा के दौरान सतर्क और सावधान रहें। रेलवे परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई देने पर उसकी सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें।