0 चुनाव आयोग ने की घोषणा
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने 10 राज्यों से राज्यसभा की 24 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव 18 जून को कराने की घोषणा की है। इन सीटों पर निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल आगामी जून और जुलाई माह में पूरा हो रहा है। इनमें आंध्रप्रदेश, गुजरात और कर्नाटक से 4-4 सीटें, मध्यप्रदेश ,राजस्थान से 3-3, झारखंड से 2 तथा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम से 1-1 सीट के लिए चुनाव कराया जाना है।
चुनाव आयोग की शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इन चुनावों के लिए अधिसूचना पहली जून को जारी की जाएगी। नामांकन पत्र 8 जून तक भरे जा सकेंगे और उनकी जांच 9 जून को की जाएगी। नाम वापसी की तिथि 11 जून रखी गई है।
मतदान 18 जून को सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक कराया जाएगा और उसी दिन शाम 5:00 बजे वोटों की गिनती शुरू होगी। मतदान प्रक्रिया 20 जून तक संपन्न हो जाएगी।
महाराष्ट्र व तमिलनाडु से राज्यसभा की दो रिक्त सीटों के लिए उपचुनाव भी 18 जून को
चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और तमिलनाडु से राज्यसभा की दो रिक्त सीटों के लिए उप चुनाव 18 जून को कराने की घोषणा की है। ये दोनों रिक्तियां क्रमशः सुनेत्रा अजीत पवार और सीवी षणमुगम के त्यागपत्र से उत्पन्न हुई हैं। महाराष्ट्र से निर्वाचित सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा की सदस्यता से 6 मई को और श्री षणमुगम ने 7 मई को इस्तीफा दिया था। इनका कार्यकाल क्रमशः 4 जुलाई 2028 और 29 जून 2028 को समाप्त होना था । चुनाव आयोग द्वारा शुक्रवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार इन दोनों राज्यों से रिक्त सीटों के उपचुनाव के लिए अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी और 8 जून तक नामांकन पत्र दाखिल कराये जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को की जाएगी और नाम 11 जून तक वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 18 जून को प्रातः 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक रखा गया है। मतों की गिनती उसी दिन 5:00 बजे से की जाएगी और चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी हो जाएगी।