0 डीजल भरवाने 10 हजार ट्रांसफर करवाए
रायपुर। रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी हुई है। ठग ने खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का निजी सहायक (पीए) बताया और संबलपुर जंगल के बीच गाड़ी में डीजल खत्म होने का बहाना बनाकर 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।
मामले में खम्हारडीह थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुरंदर मिश्रा ने बताया कि ठग उड़िया टोन में बात कर रहे थे। बच्चो की आवाज आ रही थी, इसी भरोसे में उसने 4 हजार मांगे, लेकिन मैंने 10 हजार रुपए दे दिए। रायपुर में ही 1 हफ्ते पहले मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा के सीनियर नेता धरमलाल कौशिक से लूट हुई थी। बाइक सवार मोबाइल छीनकर भाग निकले थे। लगातार इन घटनाओं पर कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने कहा कि अपराधी भाजपा सरकार से भी नहीं डर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला ?
विधायक पुरंदर मिश्रा के मुताबिक, 25 मई को आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को कॉल किया। सामने वाले ने खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताया। बातचीत के दौरान उसने गाड़ी में फौरन डीजल डलवाने की बात कहते हुए पैसों की मांग की। राजनीतिक पहचान और भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने विधायक को अपने जाल में फंसा लिया। आरोपी ने दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में रकम ट्रांसफर करवाई। पहले 4500 रुपए और फिर 5500 रुपए खाते में डलवाए गए। विधायक ने अपने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा को पैसे भेजने के निर्देश दिए थे।
दोबारा पैसों की मांग की
इसके बाद सेवक ने बताए गए बैंक खाते में कुल 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद आरोपी ने दोबारा पैसों की मांग की। लगातार रकम मांगने और बातचीत में शक होने पर मामले की जांच की गई। इसके बाद पता चला कि फोन करने वाला व्यक्ति फ्रॉड है।
प्रशिक्षण शिविर में आया मिस कॉल
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि, मैं पार्टी के प्रशिक्षण शिविर में था, वाट्सऐप पर मिस कॉल था। चेक करने पर नंबर नितिन नबीन के पीए का है पता चला। कॉल बैक करने पर उसने संबलपुर के आगे जंगल में फंसने की बात कही, डीजल खत्म होने का बहाना दिया।
ओडि़या टोन में बात किए तो भरोसा हुआ
इसके अलावा उसने ड्राइवर के पैसे मांगने की बात ही। ड्राइवर के ओडिया में बात करने पर भरोसा हुआ। उसने डीजल के 4500 रुपए मांगे, लेकिन मैंने इंसानियत के नाते 10 हजार रुपए भेज दिए। ड्राइवर ने खुद को रायपुर के राम मंदिर के पास रहने वाला बताया। ऐसे में मैंने उसे वापस आने पर मिलने के लिए कहा।
आरोपी की लोकेशन खंगाल रही पुलिस
सेवक नारायण मिश्रा ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर, बैंक खाते और ट्रांजेक्शन डिटेल की जांच शुरू कर दी है। वहीं क्राइम ब्रांच की साइबर टीम भी आरोपी की लोकेशन खंगाल रही है।