0 अर्जुन सिंह, तपस रॉय मंत्री बने, सुवेंदु कैबिनेट में अब 41 मंत्री
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की शुभेन्दु अधिकारी सरकार ने सत्ता संभालने के एक महीने के भीतर सोमवार को अपना पहला बड़ा कैबिनेट विस्तार किया। इसमें 35 नए मंत्रियों को शामिल किया गया है और इसके साथ ही मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी समेत कुल मंत्रियों की संख्या 41 हो गई है। इससे पहले मुख्यमंत्री के साथ पांच अन्य मंत्रियों ने शपथ ली थी।
शपथ ग्रहण समारोह लोक भवन में आयोजित किया गया था, जहां राज्यपाल आर. एन. रवि ने नये मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। आज शपथ लेने वालों में 13 कैबिनेट मंत्री, 19 राज्य मंत्री और 3 स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री शामिल हैं।
शपथ लेने वालों में तापस रॉय (मानिकतला), दीपक बर्मन (फालाकाटा), जगन्नाथ चट्टोपाध्याय (सूरी), शरद्वत मुखोपाध्याय (राजारहाट-न्यू टाउन), स्वपन दासगुप्ता (रासबिहारी), सजल घोष (बारानगर), शंकर घोष (सिलीगुड़ी), अर्जुन सिंह (नोआपारा), अशोक डिंडा (मयना), इंद्रनील खान (बेहाला पश्चिम), मालती रावा रॉय (तूफानगंज) और राजेश महतो (गोपीबल्लभपुर) के साथ कई अन्य विधायक शामिल हैं। औसग्राम की सुश्री कलिता माझी और कांदी की सुश्री गार्गी घोष दास ने भी मंत्री पद की शपथ ली। कैबिनेट रैंक के मंत्रियों में दीपक बर्मन, तापस रॉय, शंकर घोष, मनोज उरांव, अर्जुन सिंह, गौरीशंकर घोष, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, स्वपन दासगुप्ता, कल्याण चक्रवर्ती, दूधकुमार मंडल, अजय पोद्दार और अरूप कुमार दास शामिल हैं। इंद्रनील खान, सुश्री मालती रावा रॉय और राजेश महतो को स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है।
राज्य मंत्रियों की सूची में जुएल मुर्मू, हरेकृष्ण बेरा, आनंदमय बर्मन, अशोक डिंडा, नादियाचंद बाउरी, बिशाल लामा, दिवाकर घरामी, शांतनु प्रमाणिक, सुश्री पूर्णिमा चक्रवर्ती, सुश्री मौमिता बिस्वास मिश्रा, सुश्री गार्गी घोष दास, उमेश राय, कौशिक चौधरी, भास्कर भट्टाचार्य, सुश्री कलिता माझी, बिराज बिस्वास, दीपांकर जेना, सुश्री सुमाना सरकार और सुश्री अमिया किस्कू शामिल हैं।
4 मई को घोषित चुनाव परिणामों में पार्टी ने राज्य विधानसभा की 294 सीटों में से 208 सीटों पर जीत हासिल की थी। श्री अधिकारी ने नौ मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, उनके साथ पांच अन्य मंत्रियों दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक ने भी शपथ ली थी।
मंत्रिपरिषद की लिमिट 44, लेकिन सुवेंदु सरकार में 41 मंत्री होंगे
संविधान के 91वें संशोधन के अनुसार, राज्य मंत्रिमंडल में विधायकों की संख्या विधानसभा की कुल संख्या के 15% तक सीमित है। पश्चिम बंगाल में 294 विधायक हैं, इसलिए मंत्रिमंडल में अधिकतम 44 मंत्री हो सकते हैं। सोमवार के शपथ ग्रहण के बाद कैबिनेट में 41 मंत्री हो गए हैं। तय सीमा के आधार पर 3 मंत्री और बनाए जा सकते हैं। रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि फिलहाल यह 3 पद खाली ही रहेंगे।
सीएम सुवेंदु ने गृह और वित्त विभाग अपने पास रखा
इससे पहले 11 मई को सीएम सुवेंदु अधिकारी ने अपने मंत्रियों को विभागों का बंटवारा कियाा था। इसमें निशिथ प्रमाणिक को उत्तर बंगाल विकास, खेल और युवा कल्याण मंत्रालय सौंपा गया। दिलीप घोष को ग्रामीण विकास, पशु संसाधन विकास, कृषि विपणन की जिम्मेदारी सौंपी गई। अग्निमित्रा पॉल को महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, नगर निकाय विभाग दिए गए। अशोक कीर्तनिया को खाद्य एवं आपूर्ति, सहकारिता विभाग दिया गया। क्षुदीराम टूडू को जनजातीय विकास, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक मामले और मदरसा शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई। सीएम सुवेंदु अधिकारी ने गृह मंत्रालय समेत अन्य सभी मंत्रालय अपने पास रखे हैं।