0 पार्टी से निकाले गए नेता बोले- हम असली तृणमूल, 50 से ज्यादा विधायक साथ
0 कहा- नेता विपक्ष हमारा हो, चुनाव चिन्ह भी मिले
कोलकाता। ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस दो गुटों में बंट सकती है। पार्टी से निकाले गए नेता रिजू दत्ता ने दावा किया कि 80 में से 50 से ज्यादा विधायक खुद को असली तृणमूल बताने की तैयारी कर रहे हैं।
रिजू ने दावा किया है कि आज ये सभी विधायक विधानसभा स्पीकर के पास जाएंगे और तीन मुद्दे उठाएंगे। पहला- हम ही असली तृणमूल कांग्रेस हैं। दूसरा, विपक्ष के नेता ऋतब्रत होंगे, न कि शोभनदेव। तीसरा, हमारे पास दो-तिहाई बहुमत है, इसलिए चुनाव चिह्न हमारा होना चाहिए।
बंगाल में टीएमसी के 80 विधायक हैं। नए गुट को मान्यता के लिए दो-तिहाई यानी 54 विधायकों की जरूरत होगी। इससे कम विधायक होने पर स्पीकर नए गुट को मान्यता नहीं देंगे। टूट का दावा करने वाले रिजू दत्ता विधायक नहीं है।
इधर, सोमवार को टीएमसी से निकाले गए 2 विधायक संदीपन साहा और ऋतब्रत बनर्जी ने कोलकाता के विधायक हॉस्टल में टीएमसी के कई विधायकों के साथ मीटिंग की। इसमें ममता के कई खास विधायक भी शामिल हुए।
टूट की संभावनाओं पर 3 बयान
टीएमसी के लिए हमारे दरवाजे बंद: भाजपा
पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि टीएमसी के लिए हमारे दरवाजे बंद हैं। हमने किसी को बाहर से लाए बिना 207 का आंकड़ा छू लिया। इस बार हमारी राजनीतिक रणनीति जमीनी स्तर से शुरू हुई। हम ऐसे लोगों को अपनी पार्टी में कैसे शामिल कर सकते हैं जो दागी हैं? भाजपा का तृणमूलीकरण कभी नहीं होगा।
ज्यादातर विधायक ममता के साथ रहेंगे: टीएमसी
टीएमसी के शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने कहा कि पार्टी के ज्यादातर विधायक दलबदल की अटकलों के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ ही रहेंगे, औ टीएमसी के पुराने नेता संगठन पर अपना नियंत्रण बनाए रखेंगे।
लगता नहीं टीएमसी जिंदा रह पाएगी: कांग्रेस
कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि ममता ने जो बोया है वही काट रही हैं। असलियत यह है कि उनके पास विरोध प्रदर्शन करने के लिए लोग ही नहीं हैं। मुझे नहीं लगता टीएमसी आगे जिंदा रह पाएगी। बात बहुत दूर तक जा चुकी है। टीएमसी के कार्यकर्ताओं में बहुत असंतोष है। ममता को अब 'इंडिया' ब्लॉक को मजबूत करने के बारे में सोचना चाहिए।