Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 पुलिस से परमिशन नहीं मिली; आखिरी वक्त पर वेन्यू बदला
0 बस स्टॉप पर बैठे टीएमसी नेता
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को सेंट्रल कोलकाता में अपना धरना दिया। ये धरना उनके भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले, चुनाव के बाद हिंसा और फेरीवालों को हटाने के विरोध में दिया।

कोलकाता पुलिस से परमिशन न मिलने के कारण आखिरी वक्त में वेन्यू बदल दिया गया। कोलकाता पुलिस से रानी रश्मोनी रोड पर विरोध प्रदर्शन की परमिशन नहीं मिलने के बाद ममता एस्प्लेनेड (धर्मतला) के वाय-चैनल बस स्टॉप पर धरना देने पहुंचीं। ममता के साथ कल्याण बनर्जी, डोला सेन और कुणाल घोष शामिल रहे। प्रदर्शन शुरू करने से पहले ममता बनर्जी ने रेड रोड पर डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्हें भारत के संविधान पर आधारित एक किताब हाथ में लिए हुए भी देखा गया।
ममता बनर्जी ने एक मेगाफोन से भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि हमें मंच बनाने या माइक्रोफोन इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं दी गई, लेकिन मैं लड़ूंगी या मर जाऊंगी।
इससे पहले ममता ने यह भी चेतावनी दी थी कि अगर उन्हें कोलकाता में विरोध प्रदर्शन करने से रोका गया, तो पार्टी अपना आंदोलन नई दिल्ली ले जाएगी।

भाजपा ने 177 सीटों पर काउंटिंग में धांधली कीः ममता 
धरना स्थल पर ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल चुनाव जीतने के लिए भाजपा ने 294 विधानसभा सीटों में से 177 सीटों पर काउंटिंग में धांधली की। उन्होंने कहा कि पुलिस टीएमसी कार्यकर्ताओं को प्रदर्शनों में हिस्सा न लेने की धमकी दे रही है, मैं विरोध करती रहूंगी। मैं इस मुश्किल समय में टीएमसी कार्यकर्ताओं को नहीं छोड़ूंगी। बिना रिहैबिलिटेशन के फेरीवालों को हटाना टीएमसी सरकार की पॉलिसी नहीं थी, हमने इंसानियत का नजरिया अपनाया। मुझे अफसोस है कि जिन लोगों को अपनी जिंदगी में मेरा साथ मिला, वे अब गद्दारों के साथ हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अब देश भर में अपने एक्शन के बारे में फैसला करने के लिए भाजपा विरोधी पार्टियां दिल्ली में मिलेंगी। मोदी जी ने बंगाल को असामाजिक तत्वों और बुलडोजर चलाने वाले नेताओं के हाथों में छोड़ दिया है, जिससे राज्य अंधेरे में चला गया है। अगर दूसरी पार्टियों को उस जगह पर पॉलिटिकल इवेंट करने की परमिशन दी गई, जहां हमें प्रोटेस्ट करने की इजाजत नहीं दी गई, तो टीएमसी कोर्ट जाएगी।

कल्याण बनर्जी बोले- अपनी जिम्मेदारियां याद रखें
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी ने कहा कि आने वाले दिनों में वे और भी बड़े विरोध प्रदर्शन आयोजित करेंगे। कल्याण बोले- मैं कोलकाता पुलिस कमिश्नर और पुलिस अधिकारियों से कहना चाहूंगा कि आपकी सैलरी संविधान के तहत सरकारी खजाने से दी जाती है। उन्होंने कहा कि यह सुवेंदु अधिकारी नहीं हैं जो आपकी सैलरी देने के लिए शांतिनिकेतन से पैसे लाते हैं। इसलिए, अपने कर्तव्यों का पालन कानून और संविधान के अनुसार करें। समय बदलता है, और अपनी जिम्मेदारियों को निभाते समय हर किसी को यह बात याद रखनी चाहिए।