Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 आखिरी 15 मिनट में 3 गोल कर सेमीफाइनल जीता
0 फाइनल में जापान से मुकाबला
नई दिल्ली/काकामिगाहारा। भारतीय अंडर-18 मेंस हॉकी टीम ने शुक्रवार को सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 5-3 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है। फाइनल में भारत का सामना शनिवार को जापान से होगा। भारत की इस जीत के स्टार खिलाड़ी आशीष तानी पुर्ति रहे। उन्होंने मैच में 4 गोल किए। इसमें से 3 गोल उन्होंने मैच के आखिरी क्वार्टर में दागे। आशीष ने अपनी हैट्रिक भी पूरी की।

जापान के काकामिगाहारा में हुए मैच के तीसरे क्वार्टर के बाद भारतीय टीम 2-3 से पीछे चल रही थी। इसके बाद आखिरी 15 मिनट में भारत ने अटैकिंग गेम खेला और पाकिस्तान पर लगातार 3 गोल दागकर मैच का रुख बदल दिया। 

तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान आगे था
पहले क्वार्टर में के 12वें मिनट में भारतीय टीम को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। आशीष ने इसे गोल में बदलकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। पाकिस्तान ने दूसरे क्वार्टर में वापसी की और 16वें मिनट में अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। हालांकि, भारतीय गोलकीपर आयुष रजक ने इसे रोक दिया। पाकिस्तान ने दूसरे क्वार्टर में 27वें मिनट में गोल दाग दिया। अदील ने हाफ-टाइम तक स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। मैच के 35वें मिनट में शाहरुख अली ने गोल कर भारत को फिर से 2-1 से आगे कर दिया। ठीक दो मिनट बाद पाकिस्तान के मुहम्मद फरहान असलम ने गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। तीसरे क्वार्टर के 42वें मिनट में उजैर अहमद कुरैशी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर पाकिस्तान को मैच में पहली बार 3-2 से आगे कर दिया।

पेनल्टी कॉर्नर ने बदला मैच का रुख
चौथे क्वार्टर में भारत ने बराबरी के लिए अटैकिंग गेम खेला। 46वें मिनट में पाकिस्तान के मुजम्मिल सईद को ग्रीन कार्ड मिला। भारत ने तुरंत इसका फायदा उठाया और लगातार पेनल्टी कॉर्नर्स हासिल किए। 49वें मिनट में मिले दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर आशीष ने गोल कर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। 53वें मिनट में आशीष ने एक और गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत को 4-3 की बढ़त दिला दी। मैच खत्म होने से 4 मिनट पहले भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर आशीष ने मैच का अपना चौथा गोल करते हुए लीड को 5-3 कर दिया।

भारत को सिर्फ जापान हरा सका
भारत ने अंडर-18 हॉकी एशिया कप की शुरुआत कजाकिस्तान पर 13-0 की बड़ी जीत के साथ की थी। इसके बाद जापान के खिलाफ 4-2 से हार मिली, लेकिन भारतीय टीम ने वापसी करते हुए साउथ कोरिया को 4-1 और चीनी ताइपे को 13-1 से हराया।

tranding