0 पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल के 4399 दिन पूरे होने पर आयोजित एनडीए की बैठक को संबोधित किया
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उनके कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे होने पर भारत मंडपम में आयोजित एनडीए बैठक में उनका सम्मान किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि इतने लंबे समय तक मां भारती की सेवा का अवसर भगवान की विशेष कृपा और सौभाग्य से ही मिलता है। मेरे लिए जनता ही ईश्वर का रूप है। मैंने सेवा को साधना माना है और यह साधना सभी कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों का यज्ञ है। पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार में गरीब लोग मिडिल क्लास बन गए, हमने सालों के काम महीनों में किए हैं।
एनडीए सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर हुई बैठक में भाजपा-एनडीए शासित 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अन्य नेता शामिल हुए। सभी नेताओं ने मोदी को बधाई दी। बैठक के बाद मोदी और एनडीए नेताओं ने झालमुड़ी भी खाई। बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान झाड़ग्राम में मोदी के झालमुड़ी खाने का वीडियो पहले काफी चर्चा में रहा था।
मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। अपने तीसरे कार्यकाल में उन्होंने जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। श्री नेहरू के नाम 4,398 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड था।
सही नीयत से सरकार चलती है तो देश का विकास होता है
बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि भारत के लोगों ने देखा कि सही नीयत से सरकार चलती है तो देश का विकास होता है। 12 साल में 25 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर निकलना दिखाता है कि हमारी नीतियां सही हैं। ये सफलता आज देश के हर व्यक्ति को भरोसा देती है कि एक दिन उसका संघर्ष खत्म होगा। उसके सपने पूरे होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि कल जो गरीब था आज वो मिडिल क्लास बना है। उसे हमें पीछे नहीं होने देना है। सरकार के नाते हमें दिन-रात काम करना है। इस संकल्प के साथ कि 140 करोड़ लोग हमसे जो उम्मीदें लगाए बैठें हैं वो पूरी हों। आज देश का हर नागरिक विकसित भारत के सपने से भरा है विकसित भारत का सपना किसी दल का नहीं रहा ये जन जन का संकल्प बन चुका है।
जनता ने अपना भरोसा हमें सौंपा था
पीएम मोदी ने कहा कि अब देश की जनता एक स्थित सरकार का काम देख रही है और उसकी निर्णायक क्षमताओं की प्रशंसक भी है। मैं जनता का आभार व्यक्त करता हूं। साल 2014 में जब एनडीए जीती तब मैंने कहा कि आज देश के लोगों मे नई आशा का उदय हुआ है। पीएम मोदी ने कहा कि देश के लोगों ने कांग्रेस के विश्वासघात के साथ अपना भरोसा हमें सौंपा था। हमें आज संतोष और गर्व है कि एनडीए परिवार ने इस भरोसे को और मजबूत किया है। 2014 में आशा का उदय होता सूरज आज नए आत्मविश्वास के प्रकाश पुंज में बदल गया है।
मां भारती की सेवा का सौभाग्य मिलना ईश्वर की कृपा
पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए बैठक में आपने इस अवसर पर मुझे सम्मानित किया इसके लिए मैं आप सभी का आभारी हूं। साथियों इतने लंबे समय तक मां भारती की सेवा का सौभाग्य मिलना ईश्वर की विशेष कृपा से संभव हो सकता है। मेरे लिए जनता ही ईश्वर का रूप है। इसलिए मैंने सेवा को साधना के रूप में देखा है। ये साधना भी एकाकी नहीं रही एक सामूहिक यज्ञ है। इस अवसर पर एनडीए परिवार के सदस्यों ने एक प्रस्ताव पेश किया है।
वैश्विक संकटों के बीच भारत को स्थिर नेतृत्व मिलाः नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने एनडीए नेताओं की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि दुनिया इस समय युद्ध, आपूर्ति श्रृंखला संकट और आर्थिक अनिश्चितताओं से जूझ रही है, लेकिन भारत ने इन चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।
पीएम मोदी के 12 साल का कार्यकाल बेदाग और ऐतिहासिकः शिंदे
एनडीए बैठक में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि एनडीए के 12 साल केवल सत्ता में रहने के नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा के प्रति निरंतर समर्पण के रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 12 साल का कार्यकाल बेदाग और ऐतिहासिक रहा है, जिसमें उन्होंने देश के लिए लगातार काम किया और एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली। श्री शिंदे ने कहा कि मोदी केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि एनडीए नेताओं के साथ पारिवारिक संबंध भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में विकास को ‘2014 से पहले’ और ‘2014 के बाद’ के नजरिए से देखा जाता है, और इसके पीछे मोदी का दिन-रात काम करने वाला नेतृत्व है।
एनडीए बैठक में मोदी सरकार के 12 साल पर प्रस्ताव पारित
एनडीए की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रखा, जबकि नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने उसका समर्थन किया। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश को मिले स्थिर शासन, विकास, सुशासन और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में किए गए प्रयासों का जिक्र किया गया। एनडीए बैठक से पहले पीएम मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई थी। कैबिनेट ने भी सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर पीएम मोदी को बधाई दी। मंत्रियों ने उनकी उपलब्धि पर खड़े होकर तालियां बजाकर सम्मानित किया।