Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 खालिस्तान नाम से भेजे गए ईमेल, महाराष्ट्र में जांच एजेंसियां सतर्क

मुंबई। महाराष्ट्र और गुजरात में बुधवार को कई जगहों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं। इन जगहों में आरएसएस मुख्यालय, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) की बिल्डिंग, मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ),बॉम्बे हाईकोर्ट बिल्डिंग और मुंबई-पुणे के मेयर ऑफिस,अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) मुख्यालय शामिल हैं। ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। दोनों राज्यों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

ईमेल खालिस्तान नेशनल आर्मी बताने वाले ग्रुप की ओर से भेजे गए थे। इसके बाद कई इमारतें खाली कराई गईं और सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के मुताबिक कहीं कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, नागपुर की मेयर नीता ठाकरे को एक ईमेल मिला। इसमें दावा किया गया था कि महाल स्थित आरएसएस मुख्यालय और रेशीमबाग के डॉ. हेडगेवार स्मृति भवन में विस्फोटक लगाया गया है। सूचना मिलते ही बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीडएस) को मौके पर भेजा गया। पूरे परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों की जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

बीएमसी को कई ईमेल मिले
इसी बीच, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को भी कई ईमेल मिले। इनमें मुंबई के मेयर कार्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, बीएसई भवन और नगर निगम दफ्तरों में विस्फोट की धमकी दी गई थी। ये ईमेल निगम की कई आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए थे। अधिकारियों के मुताबिक, ईमेल में खालिस्तान का जिक्र किया गया था। इसमें कई संस्थानों और संगठनों के खिलाफ भड़काऊ व धमकी भरी बातें लिखी गई थीं। सुरक्षा एजेंसियों ने ईमेल की जांच शुरू कर दी है। समान कंटेंट वाले ईमेल में दावा किया गया था कि मुंबई के मेयर कार्यालय में आईईडी से लैस कार से धमाका किया जाएगा। इसके अलावा बीएसई भवन, सीएमओ और बीएमसी कार्यालयों को भी अलग-अलग समय पर निशाना बनाने की धमकी दी गई थी।

पुणे में नगर निगम की इमारत खाली कराई गई
पुणे में नगर निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन और मेयर कार्यालय को भी बम धमाके की धमकी वाला ईमेल मिला। इसके बाद इमारत खाली कराई गई और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की तलाशी ली। पुलिस और नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, ईमेल में पुणे नगर निगम के मेयर कार्यालय में दोपहर 1.11 बजे, विधान भवन में 3.11 बजे और नागपुर स्थित आरएसएस मुख्यालय में 3.11 बजे आईईडी विस्फोट की धमकी दी गई थी। हालांकि ये धमकी फर्जी निकली। वहीं, अहमदाबाद में अहमदाबाद नगर निगम मुख्यालय में बम की धमकी मिलने के बाद गुजरात पुलिस, फायर ब्रिगेड के जवान और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े पैमाने पर जांच शुरू की।

ईमेल में बदला लेने जैसी बातें
ईमेल में दावा किया गया कि आरएसएस ने 1984 के ऑपरेशन ब्लूस्टार और ऑपरेशन वुडरोज का समर्थन किया था। इसमें बदला लेने, भाजपा और आरएसएस का अंत करने जैसी बातें भी लिखी गई थीं। इसके बाद पुणे नगर निगम परिसर में अगले आदेश तक आम लोगों की एंट्री पर रोक लगा दी गई। मुंबई और पुणे के नागरिक मुख्यालयों व मेयर कार्यालयों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ईमेल भेजने वाले की पहचान और सोर्स का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं बताई और कहा कि सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

 

tranding
tranding