0 कहा- काउंटिंग सेंटर में पीटा, बाहर निकाला
0 भवानीपुर में सुवेंदु से 15105 वोट से हारी थीं
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा सीट के चुनाव नतीजे को कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनौती दी है। उन्होंने कोर्ट से चुनाव परिणाम की वैधता की जांच करने की मांग की है।
ममता मंगलवार को खुद याचिका दाखिल करने हाईकोर्ट पहुंचीं। उन्होंने याचिका में कहा कि चुनाव गलत तरीके से हुआ है। 12 राउंड की काउंटिंग के बाद इलेक्शन एजेंट और मुझे पीटा गया और बाहर कर दिया गया। भवानीपुर सीट पर भाजपा के सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15105 वोटों से हराया था। ममता इस सीट से पहले तीन बार विधायक रह चुकी हैं। चुनाव के दौरान उन्होंने मतगणना में गड़बड़ी और अपने साथ मारपीट के आरोप भी लगाए थे।
3 मई को ममता 4 घंटे स्ट्रॉन्गरूम में रहीं
रिजल्ट से एक दिन पहले 3 मई को काउंटिंग सेंटर के बाहर हंगामा हुआ था। टीएमसी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि भाजपा के झंडे वाली कार को बिना जांच के भवानीपुर के स्ट्रॉन्गरूम परिसर में एंट्री दी गई। वहीं स्ट्रॉन्गरूम में ममता बनर्जी करीब 4 घंटे रहीं थीं। ममता ने आरोप लगाया कि राज्य की कई सीटों पर जानबूझकर मतगणना रोकी गई। भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। ममता ने दावा किया कि केंद्रीय बलों और भाजपा के दबाव में काम हो रहा है।