0 भाजपा समर्थित उद्योगपति नाथवानी जीते
0 12 राज्यों की 26 सीटों में से 19 एनडीए को
नई दिल्ली। झारखंड राज्यसभा चुनाव में गुरुवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला। राज्यसभा की 2 सीटों के लिए चुनाव में एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम ने जीत दर्ज की।
एक सीट पर जेएमएम की जीत तय थी। दूसरी सीट के लिए नाथवानी और कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के बीच मुकाबला था। क्रॉस वोटिंग की वजह से नाथवानी को 30 और झा को 20 वोट मिले। उधर, मिजोरम की एक सीट पर जेडपीएम प्रत्याशी के. लल्टलुआंगकिमा जीते।
हाल में 10 राज्यों की 21 सीटें और महाराष्ट्र और तमिलनाडु की एक-एक सीट पर उपचुनाव हुए थे। इनमें से 23 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध जीते। झारखंड की 2 और मिजोरम एक सीट पर आज मतदान हुआ। 12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों में से 19 पर एनडीए प्रत्याशियों की जीत हुई है।
10 राज्यों की 23 सीटों पर निर्विरोध उम्मीदवार जीते थे
निर्विरोध जीतने वाले 10 राज्यों के 23 उम्मीदवारों में से 12 भाजपा, 5 कांग्रेस, 3 टीडीपी, 1 एनसीपी, 1 एनपीपी और 1 जनसेना से है। इनमें महाराष्ट्र और तमिलनाडु की 1-1 सीट पर उपचुनाव थे। चुनाव जीतने वालों में कर्नाटक से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और मीडिया व प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा का नाम शामिल है।
एनडीए और इंडिया गठबंधन को एक-एक सीट का फायदा
चुनाव के पहले जिन कुल 26 सीटों पर चुनाव हुए, उनमें से एनडीए के पास 18 (आंध्र प्रदेश से 1, गुजरात से 4, कर्नाटक से 3, राजस्थान-मध्य प्रदेश से 2-2, झारखंड, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल, महाराष्ट्र और तमिलनाडु से एक-एक सीटे हैं), वहीं इंडिया गठबंधन के पास 5 सीटे थीं। वहीं, तीन अन्य सीटें वायएसआरसीपी के पास थीं।
वहीं चुनाव के बाद कुल 26 सीटों में से एनडीए ने 19 सीटें जीत ली हैं। इंडिया गठबंधन को 6 सीटें मिली हैं। यानी एनडीए और इंडिया गठबंधन को एक-एक सीट का फायदा हुआ है। मिजोरम की एक सीट सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) ने जीती है।