0 रायपुर में टपरी पर राहुल गांधी ने पी चाय, बैज को खिलाया बिस्किट
0 अभनपुर में जिलाध्यक्षों को दी ट्रेनिंग
रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ के अभनपुर पहुंचे, जहां वे कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए। यहां उन्होंने 40 मिनट तक सीनियर नेताओं से मुलाकात की। इसके बाद जिलाध्यक्षों, शहर अध्यक्षों के साथ सीधी बातचीत की। प्रशिक्षण शिविर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं को संगठन में एकजुटता का पाठ पढ़ाया। इस दौरान उन्होंने जिला अध्यक्षों से बैठक की और वरिष्ठ नेताओं के साथ बंद कमरे में गोपनीय बैठक की।
करीब 4 घंटे के प्रोग्राम के बाद वे एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। इससे पहले एयरपोर्ट के पास ही रुककर राहुल गांधी ने टपरी पर चाय पी और पीसीसी चीफ दीपक बैज को बिस्किट खिलाया। इस दौरान सचिन पायलट, भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत समेत कई सीनियर नेता मौजूद रहे।
जिला अध्यक्षों ने अपनी समस्याओं से कराया अवगत
राहुल गांधी ने प्रशिक्षण शिविर में दो अलग-अलग सेशन में बैठक ली। इस दौरान उन्होंने करीब 1 घंटा 20 मिनट तक जिला अध्यक्षों को ट्रेनिंग दी। बैठक के दौरान जिला अध्यक्षों ने राहुल गांधी को अपनी समस्याओं से भी अवगत कराया।
राहुल गांधी ने 37 नेताओं के साथ की गोपनीय बैठक
इसके बाद राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के 37 वरिष्ठ नेताओं के साथ एक गोपनीय बैठक भी की। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, लखेश्वर बघेल, रवींद्र चौबे, मोहम्मद अकबर, फूलो देवी नेताम, अनिल भेड़िया, सत्यनारायण शर्मा, विकास उपाध्याय और देवेंद्र यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
संगठन को एकजुट करने पर जोर
गोपनीय बैठक में राहुल गांधी ने सभी नेताओं को संयुक्त प्रयास यानी एकजुट होकर कार्य करने और कांग्रेस को मजबूत करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि राज्य के भीतर कांग्रेस मजबूत स्थिति में है, इसे एकजुटता से और मजबूती दी जाए, न कि कमजोर किया जाए। वर्तमान में प्रदेश के भीतर संगठन की स्थिति और आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।


