Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 डिप्टी सीएम शिंदे बोले- छक्का लगाया
मुंबई। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना के 9 में से 6 सांसद सोमवार को एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हुए। बागी सांसदों ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ उनके नंदनवन बंगले पर बैठक की। इसके बाद बागी सांसदों ने शिंदे के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पार्टी बदलने का ऐलान किया।

इस दौरान शिंदे ने कहा कि जब हमने विद्रोह किया था, तब 40 विधायक थे और अब छक्के लग चुके हैं। 2022 में पार्टी और धनुष-बाण बचाने के लिए विद्रोह किया था। हमारी लड़ाई बालासाहेब के विचारों को बचाने के लिए है, इसीलिए आज इन 6 सांसदों ने बालासाहेब की असली शिवसेना में शामिल होने का फैसला किया है। 6 सांसदों के शामिल होने के बाद लोकसभा में शिंदे गुट के सांसदों की संख्या 7 से बढ़कर 13 हो गई है। वहीं उद्धव गुट में 9 में से सिर्फ 3 सांसद बचे हैं। 2022 के बाद शिवसेना में दूसरी बार टूट हुई।

आदित्य ठाकरे बोले- पार्टी बदलने वाले सांसद बिकाऊ
सांसदों के दल-बदल पर उद्धव के बेटे आदित्य ठाकरे ने एक्स पर लिखा कि पार्टी छोड़ने वाले सांसदों ने साबित कर दिया है कि उनकी वफादारी बिकाऊ है। कम से कम यह मान लीजिए कि लालच की वजह से आपने रातोंरात बिना किसी शर्म के यह सब छोड़ दिया।

राउत ने कहा- शिंदे ने 6 गद्दार पैदा किए
उद्धव ने विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक के बाद मीडिया से कहा कि उन्हें (बागी सांसदों को) अपना पक्ष रखने दीजिए। सही समय आने पर हम अपना पक्ष रखेंगे। वहीं पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा- शिंदे ने 6 गद्दार पैदा किए हैं। हालात संभालने के लिए अब सर्जरी करनी पड़ेगी। इससे पहले संजय राउत ने एक्स पर बताया था कि उद्धव 27 जून से महाराष्ट्र में जनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रहे हैं। इस दौरान वे बागी सांसदों के लोकसभा क्षेत्रों में भी जाएंगे। जारी शेड्यल के अनुसार, उद्धव 27 जून को यवतमाल, वाशिम और हिंगोली जाएंगे। 28 जून को परभणी और धाराशिव का दौरा करेंगे। 29 जून को शिर्डी पहुंचेंगे।

उद्धव की बैठक में 4 विधायक नहीं पहुंचे
इससे पहले उद्धव ठाकरे ने मुंबई में अपने विधायकों और विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) के साथ बैठक की, जिसमें मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा हुई। हालांकि, बैठक में उद्धव गुट के 4 विधायक निजी कारणों से नहीं पहुंचे। पार्टी ने 2024 के विधानसभा चुनाव में 288 में 20 सीटें जीती थीं।

लोकसभा में शिंदे गुट के 13 सांसद, उद्धव गुट में सिर्फ 3 बचेंगे
बागी सांसद संजय देशमुख, नागेश पाटिल अष्टीकर, संजय जाधव, भाऊसाहेब वाकचौरे, संजय दीना पाटिल और ओमप्रकाश राजे निंबालकर 18 जून को शिवसेना (यूबीटी) की संसदीय दल की बैठक में शामिल नहीं हुए थे। बैठक में सिर्फ 3 सांसद अनिल देसाई, अरविंद सावंत और राजाभाऊ वाजे पहुंचे।  

भाजपा ने पाप किया, दूसरों के बच्चे चुराती हैः उद्धव 
उद्धव ने 21 जून को मुंबई के भांडुप में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा पर पार्टी तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शिवसेना ने जिस भाजपा को उसके शुरुआती दौर में आगे बढ़ने में मदद की, आज वही शिवसेना तोड़ने का पाप कर रही है। उद्धव ने कहा कि भाजपा दूसरों के बच्चे चुराने का काम करती है। बालठाकरे की बनाई शिवसेना ने 30 साल तक कांग्रेस से लड़ाई लड़ी। लेकिन कांग्रेस ने कभी शिवसेना को खत्म करने या उसका नाम छीनने की कोशिश नहीं की। उद्धव ने गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा- मेरे नेतृत्व वाली शिवसेना ही असली और एकमात्र शिवसेना है। दरअसल, शाह ने 20 जून को महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक रैली में कहा था कि पहले हमें एकनाथ शिंदे के नाम पर शिवसेना के शिंदे गुट का जिक्र करना पड़ता था। अब कोई गुट नहीं है। अब सिर्फ एक ही शिवसेना है।