0 एयर डिफेंस सिस्टम आकाशतीर पर भी बातचीत जारी
0 मिडिल ईस्ट तनाव के बीच रक्षा सहयोग बढ़ा
नई दिल्ली। भारत और यूएई के बीच रक्षा क्षेत्र में नई बातचीत शुरू हुई है। न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, यूएई भारत की ब्रह्मोस मिसाइल और आकाशतीर एयर डिफेंस सिस्टम खरीद सकता है। इस संबंध में दोनों देशों के बीच शुरुआती चर्चा चल रही है।
ब्रह्मोस दुनिया की सबसे तेज सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों में शामिल है। इसे भारत और रूस ने मिलकर बनाया किया है। यह मिसाइल जमीन, समुद्र और फाइटर जेट से दागी जा सकती है। हालांकि यह भारत-रूस का जॉइंट प्रोजेक्ट है, इसलिए इसके निर्यात के लिए रूस की मंजूरी जरूरी होती है। सूत्रों का कहना है कि इस मामले में किसी बड़ी रुकावट की संभावना नहीं है।
हाल के महीनों में ईरान-इजराइल जंग और मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण सुरक्षा चुनौतियां बढ़ी हैं। इसी वजह से यूएई अपनी सैन्य ताकत मजबूत कर रहा है। तेल और व्यापार के लिए अहम होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है।
आकाशतीर सिस्टम में भी यूएई की रुचि
ब्रह्मोस के साथ-साथ यूएई भारत के आकाशतीर एयर डिफेंस सिस्टम को भी खरीदना चाहता है। इस सिस्टम को भारतीय सेना और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) ने मिलकर तैयार किया है। इसका काम हवाई खतरों का पता लगाना, उनकी निगरानी करना और कई एयर डिफेंस यूनिट्स के बीच बेहतर तालमेल बनाना है। इससे हवाई सुरक्षा व्यवस्था अधिक तेज और प्रभावी बनती है।
100 से ज्यादा देशों को 38 हजार करोड़ रुपए का एक्सपोर्ट
भारत पिछले कुछ सालों से डिफेंस एक्सपोर्ट को बढ़ाने पर जोर दे रहा है। देश का रक्षा निर्यात करीब 4 अरब डॉलर (38 हजार करोड़) पहुंच चुका है। फिलीपींस को ब्रह्मोस मिसाइल की आपूर्ति के बाद भारत ने वियतनाम के साथ भी ब्रह्मोस एक्सपोर्ट की डील की है। वहीं, इंडोनेशिया के साथ बातचीत अंतिम चरण में बताई जा रही है। भारत अब 100 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण निर्यात करता है, जिनमें अमेरिका, फ्रांस और अर्मेनिया प्रमुख हैं। अमेरिका सबसे बड़ा खरीदार है जहां 2.8 अरब डॉलर के प्रणाली व कल्पुर्जे बोइंग और लॉकहीड मार्टिन जैसी बड़ी कंपनियों को जाते हैं। अर्मेनिया जैसे देश पूरे तैयार हथियार खरीद रहे।
50000 करोड़ रुपए का रक्षा निर्यात लक्ष्य
सरकार ने 2029-30 तक 50000 करोड़ रुपए का रक्षा निर्यात लक्ष्य रखा है। 2016-17 में यह मात्र 1522 करोड़ रुपए था। यानी एक दशक से कम समय में इसमें 25 गुना से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद मिले वैश्विक ध्यान ने इस लक्ष्य को और तेज गति देने के संकेत दिए हैं।
ब्रह्मोस की विशेषताएं
0 ब्रह्मोस एक सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है, जिसे पनडुब्बी, शिप, एयरक्राफ्ट या जमीन कहीं से भी छोड़ा जा सकता है। ब्रह्मोस मिसाइल का नाम भारत की ब्रह्मपुत्र और रूस की मॉस्क्वा नदियों के नामों को मिलाकर बनाया गया है।
0 ब्रह्मोस रूस की पी-800 ओकिंस क्रूज मिसाइल टेक्नोलॉजी पर आधारित है। इस मिसाइल को भारतीय सेना के तीनों अंगों, आर्मी, नेवी और एयरफोर्स को सौंपा जा चुका है।
0 ब्रह्मोस मिसाइल के कई वर्जन मौजूद हैं। ब्रह्मोस के लैंड-लॉन्च, शिप-लॉन्च, सबमरीन-लॉन्च, एयर-लॉन्च वर्जन की टेस्टिंग हो चुकी है।
0 जमीन या समुद्र से दागे जाने पर ब्रह्मोस 290 किलोमीटर की रेंज में मैक 2 स्पीड से (2500किमी/घंटे) की स्पीड से अपने टारगेट को नेस्तनाबूद कर सकती है।
0 पनडुब्बी से ब्रह्मोस मिसाइल को पानी के अंदर से 40-50 मीटर की गहराई से छोड़ा जा सकता है। पनडुब्बी से ब्रह्मोस मिसाइल दागने की टेस्टिंग 2013 में हुई थी।