नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में श्री राहुल गांधी के दो वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को कहा कि इस दौरान उन्होंने युवा, महिलाओं, किसानों, मजदूरों और गरीबों समेत समाज के हर वर्ग की आवाज उठाई तथा सड़क से संसद तक जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ी।
पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि श्री गांधी ने नेता प्रतिपक्ष के रूप में आज दो वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस यात्रा में उन्होंने युवा, महिलाओं, किसानों, मजदूरों और गरीबों समेत हर वर्ग की आवाज उठाई तथा सड़क से संसद तक जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। कांग्रेस ने कहा कि देश में अन्याय के खिलाफ जननायक की इस लड़ाई में पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ है और लोगों के हक की आवाज बुलंद करता रहेगा।
लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री गांधी ने भी 'एक्स' पर अपने संदेश में कहा "लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में आज मेरे दो वर्ष पूरे हुए हैं। इन दो वर्षों का हर दिन एक ही काम रहा- हर भारतीय की आवाज को सत्ता तक पहुंचाना। नीट के छात्रों की लड़ाई हो, वोट चोरी का पर्दाफाश हो या संविधान की रक्षा, हर मोर्चे पर आपके साथ खड़ा रहा, आज भी हूं, हमेशा रहूंगा।"
श्री गांधी ने कहा, "सड़क से संसद तक आपका भरोसा ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। सफर लंबा है, पर संकल्प वही, आपके लिए हर लड़ाई लड़ता रहूंगा।" उन्होंने अपने संदेश का समापन "जय हिंद, जय संविधान " के साथ किया।