01993 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं, एंटी टेररिज्म और खुफिया ऑपरेशन का अनुभव
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के स्पेशल डायरेक्टर महेश दीक्षित को देश की आंतरिक खुफिया एजेंसी का नया चीफ नियुक्त किया है। वे 30 जून को कार्यकाल पूरा कर रहे तपन कुमार डेका की जगह लेंगे। केंद्र सरकार ने महेश को दो साल के लिए आईबी डायरेक्टर नियुक्त किया है।
महेश दीक्षित 1993 बैच के आंध्र प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। फिलहाल आईबी में स्पेशल डायरेक्टर और एजेंसी के दूसरे सबसे वरिष्ठ अधिकारी थे। इससे पहले जम्मू-कश्मीर में सब्सिडियरी इंटेलिजेंस ब्यूरो (एसआईबी) के प्रमुख रह चुके हैं। एंटी टेररिज्म और खुफिया ऑपरेशन का लंबा अनुभव है।
मौजूदा आईबी डायरेक्टर तपन कुमार डेका का कार्यकाल 30 जून 2026 को समाप्त हो रहा है। डेका 1988 बैच के हिमाचल प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। वे जुलाई 2022 से आईबी प्रमुख थे। सरकार ने उन्हें दो बार सेवा विस्तार दिया था।
2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने में अहम भूमिका
अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने से पहले महेश दीक्षित सुरक्षा तैयारियों से जुड़े अहम अधिकारियों में शामिल थे। उन्होंने फैसले के सुरक्षा प्रभावों का आकलन किया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीति तैयार करने में भूमिका निभाई।
जम्मू-कश्मीर में संभाली अहम जिम्मेदारी
राज्य के पुनर्गठन के बाद उन्हें जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में महत्वपूर्ण खुफिया जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अधिकारियों के अनुसार, उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ लोगों का भरोसा बहाल करने में भी योगदान दिया।