Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 लिखा था- रामराज्य कोष, क्यूआर कोड भी चिपका था
0 एसआईटी को जांच के लिए 15 दिन और मिले
अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने बुधवार को आरोपी लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के घर छापेमारी की है। दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।
इससे पहले जेल में बंद आरोपी अविनाश शुक्ला के अयोध्या स्थित योग केंद्र से पुलिस ने एक संदूक बरामद किया है। उस पर लाल रंग से 'रामराज्य कोष' लिखा था। पेटीएम का क्यूआर कोड लगा था। 28 जून को हुई पुलिस की छापेमारी का वीडियो बुधवार सुबह सामने आया।
इस बीच, राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें लखनऊ मेदांता में भर्ती कराया गया है। हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने बताया- महंत को 29 जून यानी सोमवार को लाया गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ और यूरिन इन्फेक्शन था।
मंगलवार को पुलिस ने फैजाबाद जेल में बंद सभी आठों आरोपियों से पूछताछ की। सबसे लंबी पूछताछ अविनाश से हुई। दो घंटे चली पूछताछ में 5 जून को अविनाश के घर से बरामद कैश और गहनों को लेकर सवाल-जवाब किए गए। अविनाश के घर से 14 लाख कैश मिला था। चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही SIT को सरकार ने 15 दिन का समय और दिया है। सूत्रों के मुताबिक, चढ़ावा चोरी की जांच का दायरा बढ़ाने के लिए ईडी को भी शामिल किया जा सकता है। अयोध्या पुलिस ने लखनऊ में ऑफिसर्स से इसका आग्रह किया है।

400 निजी सुरक्षाकर्मी भी जांच के घेरे में
राम मंदिर परिसर में तैनात 400 निजी सुरक्षाकर्मी भी जांच के घेरे में हैं। उनकी ड्यूटी, रोस्टर, सीसीटीवी, एंट्री-एग्जिट रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, मंदिर की सुरक्षा का जिम्मा जिस निजी सुरक्षा कंपनी के पास था, वह बिहार के पूर्व सांसद की है। ट्रस्ट इस पर हर महीने 1 करोड़ खर्च करता था। यानी निजी सुरक्षा पर सालाना 12 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे थे।

चंपत राय से 3 घंटे पूछताछ, 17 साल से तैनात आरएमओ का ट्रांसफर
चंपत राय से रविवार को पुलिस ने करीब 3 घंटे पूछताछ की थी। पूछा कि उन्हें चढ़ावा चोरी का पता पहली बार कब और कैसे लगा। उसके बाद क्या-क्या किया। इससे पहले, कोर्ट ने सोमवार को चढ़ावा चोरी में गिरफ्तार 8 आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ा दी।
राम मंदिर में पिछले 17 साल से तैनात रेडियो ऑपरेशन अधिकारी (आरएमओ) अर्जुन देव का तबादला गोरखपुर कर दिया गया। एसआईटी ने उनकी भूमिका को भी जांच के दायरे में लिया है। चढ़ावे की गिनती वाले काउंटिंग रूम के सीसीटीवी समेत राम मंदिर परिसर में लगे 1600 कैमरों की निगरानी की जिम्मेदारी उनके पास थी।
बता दें कि चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया था। यूपी सरकार ने 13 जून को एसआईटी बनाई। 25 जून को एफआईआर हुई। रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसी दिन मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया।

राम मंदिर पर सवाल उठाने वाले अखिलेश कौन होते हैंः मंत्री सिंह
यूपी के मंत्री दयाशंकर सिंह ने अयोध्या राम मंदिर चंदे में कथित हेराफेरी के मामले पर कहा, जिसके लिए 500 वर्षों से संघर्ष चल रहा था, जिसके लिए लाखों लोगों ने अपना जीवन समर्पित कर दिया, उसके बाद अवसर आया और राम मंदिर बना। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और नेता आजतक वहां दर्शन करने के लिए नहीं गए, तो वो इसपर प्रश्न करने वाले कौन होते हैं? उन्होंने आगे कहा कि जांच और सुव्यवस्थित तरीके से हो, इसके लिए (एसआईटी जांच का) समय बढ़ाया गया है।

राम मंदिर में चोरी शर्मनाक हैः भाजपा सांसद मिश्रा 
राम मंदिर चढ़ावा कथित हेराफेरी के मामले पर बिहार से भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा, यह बहुत दुखद और शर्मनाक है। पैसों का जिस तरह से दुरुपयोग किया गया है तो यह एक बहुत ही गंभीर मुद्दा है। इस घिनौनी हरकत के लिए जितनी सजा हो वह कम है। खुशी की बात है कि सरकार ने इसे बहुत गंभीरता से लिया है। एसआईटी की जांच कराई गई है। इन लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।

राम मंदिर के दोषियों की पर्ची खोली तो वे मुझे निपटा देंगेः बागेश्वर बाबा  
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि अभी सिर्फ छोटी मछलियां पकड़ी गई हैं। मैं राम मंदिर चोरी के दोषियों को अच्छी तरह से जानता हूं। पर्ची खोलकर उन बड़े नामों का खुलासा करूंगा, तो वे मुझे निपटा देंगे।