0 मुख्यमंत्री के नाम सचिव स्कूल शिक्षा विभाग को सौंपा ज्ञापन
रायपुर। व्याख्याता के पद पर पदोन्नत हुए समस्त शिक्षक एल.बी.टी. संवर्ग ने स्कूल शिक्षा विभाग से पदोन्नत व्याख्याताओं की लंबित काउंसलिंग एवं पदस्थापना शीघ्र कराने की मांग की है। इस संबंध में शिक्षक एल.बी.टी. संवर्ग ने सचिव स्कूल शिक्षा विभाग को मांग संबंधी ज्ञापन सौंपा है।
पदोन्नत शिक्षकों ने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा आदेश क्रमांक स्था.2/टी संवर्ग/13(1)/2026/605 दिनांक 26.12.2025 के माध्यम से प्रदेश के शिक्षक एवं प्रधान पाठकों को व्याख्याता एल.बी. संवर्ग के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई थी। तत्पश्चात आदेश क्रमांक 638 दिनांक 14.01.2026 द्वारा काउंसलिंग हेतु दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई, किंतु अत्यंत खेद का विषय है कि पदोन्नति आदेश जारी होने के लगभग छह माह व्यतीत हो जाने के बाद भी काउंसलिंग एवं पदस्थापना की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकी है। प्रदेश के अनेक जिलों के सैकड़ों पदोन्नत व्याख्याता आज भी अपने हाथों में पदोन्नति आदेश लिए नई पदस्थापना की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इससे न केवल पदोन्नत कर्मचारियों में निराशा एवं असंतोष व्याप्त है, बल्कि शासन की मंशा के अनुरूप शैक्षणिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
शिक्षकों ने बताया कि शिक्षा सत्र 2026-27 प्रारंभ हो चुका है और प्रदेश के समस्त विद्यालयों के पट खुल चुके हैं, किंतु जिन विद्यालयों में व्याख्याताओं के पद वर्षों से रिक्त हैं, वहां अब भी विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञ शिक्षकों का लाभ नहीं मिल पा रहा है। राज्य के अनेक हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालय पहले से ही व्याख्याताओं की कमी से जूझ रहे हैं। कई विद्यालय सीमित शिक्षकीय व्यवस्था के सहारे संचालित हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में पदोन्नत व्याख्याताओं की पदस्थापना में छह माह की देरी विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।
यह उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा सेवा (भर्ती एवं पदोन्नति) नियम, 2019 तथा डीपीआई द्वारा जारी पदोन्नति आदेश की भावना के अनुसार पदोन्नति उपरांत शीघ्र काउंसलिंग कराकर नवीन पदस्थापना सुनिश्चित की जानी थी, ताकि नया शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो। किंतु आज तक प्रक्रिया लंबित रहने से न केवल शासन के उद्देश्य बाधित हो रहे हैं, बल्कि पदोन्नत शिक्षकों को व्याख्याता पद का कार्यभार, वेतनमान तथा अन्य वित्तीय लाभ भी प्राप्त नहीं हो पा रहे हैं।
पदोन्नत शिक्षकों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में 1. शिक्षक/प्रधान पाठक एल.बी. संवर्ग से पदोन्नत व्याख्याताओं की काउंसलिंग की तिथि तत्काल घोषित की जाए। 2. काउंसलिंग उपरांत शीघ्र पदस्थापना आदेश जारी किए जाएं। 3. पदोन्नत व्याख्याताओं को नियमानुसार वेतनमान एवं एरियर का लाभ प्रदान किया जाए। 4. रिक्त हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में विषयवार पदस्थापना कर विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित होने से बचाया जाएं आदि शामिल हैं।