Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 विजय दयाराम को मिली जिम्मेदारी
0 संतोष देवांगन बने स्कूल शिक्षा विभाग के विशेष सचिव
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने गुरुवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले को नया कलेक्टर मिला है। वहीं स्कूल शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, शहरी विकास और जिला पंचायत महासमुंद में भी नई नियुक्तियां की गई हैं।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से यह आदेश जारी किया गया। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन (आईएएस-2013 बैच) को उनके वर्तमान पद से हटाकर विशेष सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग बनाया गया है। जबकि विजय दयाराम  (आईएएस-2015 बैच) को जीपीएम का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार-प्रशिक्षण और छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास अभिकरण का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।

हेमंत नंदनवार को तकनीकी शिक्षा की जिम्मेदारी
हेमंत रमेश नंदनवार (आईएएस-2020 बैच) को संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार और प्रशिक्षण बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

सुमित अग्रवाल बने सुडा के सीईओ
सुमित अग्रवाल (आईएएस-2021 बैच) को छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (सुडा) का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। उनके कार्यभार संभालने के बाद रिमिजियुस एक्का को सुडा के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया जाएगा। हालांकि वे संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास के पद पर पहले की तरह बने रहेंगे।

अनुपमा आनंद को मिली नई जिम्मेदारी
अनुपमा आनंद (आईएएस-2023 बैच), जो अभी सरायपाली (महासमुंद) में एसडीएम (राजस्व) हैं, उन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जिला पंचायत महासमुंद बनाया गया है।