0 कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने महतारी वंदन योजना के आंकड़ों में हेराफेरी का लगाया आरोप
रायपुर। विधानसभा मानसून सत्र के पांचवें दिन शुक्रवार को विपक्षी कांग्रेस ने साय सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के आंकड़ों में हेराफेरी का आरोप लगाया। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने मुद्दा उठाते हुए पोर्टल नहीं खुलने की बात कही। इस पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सुशासन की सरकार का हवाला देते हुए सीख नहीं देने की नसीहत दे डाली। यह सुनते ही विपक्षी कांग्रेस सदस्यों ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया और नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।
कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने सदन में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से सवाल पूछा कि कितनी पात्र महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ जून 26 तक मिला? जिनको नहीं मिला, उसकी वजह क्या है? इस पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि प्रारंभ में कुल 70,27,154 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से पात्र 70,09,658 को प्रथम भुगतान किया गया।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने बताया कि जून 26 की स्थिति में 68,54,003 महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ दिया जा रहा है। 1,55,600 ऐसे हैं, जिनकी मृत्यु हो गई या ईकेवायसी नहीं हुआ है। जिसके साथ-साथ आयकरदाता भी योजना में नहीं शामिल हैं। ईकेवायसी के कारण 2% महिलाओं का महतारी वंदन का पैसा रुका है।
इस पर उमेश पटेल ने कहा कि मई महीने में 36000 महिलाओं का ईकेवायसी बाक़ी है। 55,000 महिलाओं को काटा है। तो 1 लाख लोग बचे हैं। इस पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि 1,23,000 महिलाओं की मृत्यु हो गई है। इस पर उमेश पटेल ने पूछा मार्च 24 से पोर्टल नहीं खुला है। यह कब तक खुलेगा?
इस पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि सुशासन की सरकार है। हमने सरकार बनते ही 2 महीने में पैसा दे दिया आप न सिखाएं। मंत्री की इस टिप्पणी के साथ ही सदन में हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों तरफ से नारेबाजी शुरू हो गई। इसके बाद विपक्षी कांग्रेस सदस्य मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के जवाब से असंतुष्ट होकर नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।