0 चार सप्ताह तक चलने वाले इस सत्र में कुल 19 बैठकें होंगी
0 राज्यसभा में अमित शाह पेश करेंगे वंदे मातरम से जुड़ा बिल, चर्चा के लिए 4 घंटे तय
नई दिल्ली। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होने वाला है, जो 13 अगस्त तक चलेगा। चार सप्ताह तक चलने वाले इस सत्र में कुल 19 बैठकें होंगी। सोमवार को अमित शाह राज्यसभा में वंदे मातरम से जुड़ा बिल पेश करेंगे। साथ ही राज्यसभा की बिजनेस एडवाइ़जरी कमेटी की बैठक कल दोपहर 1 बजे होगी।
इस सत्र में सरकार कई अहम विधेयक पेश करेगी। इनमें आयकर (संशोधन) बिल 2026, सुप्रीम कोर्ट संशोधन बिल 2026, जन्म और मृत्यु पंजीकरण बिल और राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम संशोधन बिल जैसे प्रस्तावों पर चर्चा और इन्हें पारित करने की तैयारी है। वहीं विपक्ष द्वारा सत्र के हंगामेदार रहने की पूरी उम्मीद है, जहां नीट पेपर लीक और राम मंदिर चढ़ावा चोरी जैसे विषयों पर सरकार को घेरा जा सकता है।
इधर मानूसन सत्र से एक दिन पहले रविवार को संसद भवन के एनेक्सी बिल्डिंग में सर्वदलीय बैठक हुई। 3 घंटे चली मीटिंग की अध्यक्षता राजनाथ सिंह ने की। मीटिंग में कांग्रेस, सपा, टीएमसी, डीएमके सहित 40 दलों के 58 नेता शामिल हुए। हालांकि बैठक के बीच विपक्ष ने सांकेतिक वॉकआउट किया। विपक्ष इस बात से नाराज था कि सरकार ने टीएमसी के बागी 20 सांसदों के गुट को बैठक में क्यों बुलाया, जबकि स्पीकर ओम बिरला ने उनके गुट को अभी तक मान्यता नहीं दी है।
ऑल पार्टी मीटिंग के बाद लोकसभा बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की मीटिंग हुई। इसमें बिलों पर चर्चा के लिए समय तय किया गया। किरेन रिजिजू ने बताया कि बीएसी की बैठक के मुताबिक एफसीआरए संशोधन बिल पर 4 घंटे चर्चा होगी। इसके अलावा आयकर संशोधन बिल के लिए 4 घंटे, जजों की संख्या से जुड़े बिल के लिए 4 घंटे, जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रेशन बिल के लिए 4 घंटे, वंदेमातरम से जुड़े बिल के लिए 4 घंटे और एमएसएमई बिल पर चर्चा के लिए 5 घंटे तय किए गए हैं।
