Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास पर कांग्रेस के धरने प्रदर्शन की मंगलवार की धटना पर विपक्षी पार्टी की तीखी भर्त्सना करते हुए इसे देश के भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास की एक शर्मनाक प्रकरण बताया है।

भाजपा के नेता रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बिना इजाज़त ज़बरदस्ती प्रधानमंत्री आवास के द्वार पर धरना दिया। उनके पिता, दादी और परदादा प्रधानमंत्री रह चुके हैं। उन्हें प्रधानमंत्री आवास की गरिमा का पता है, फिर भी उन्होंने गैर-ज़िम्मेदाराना व्यवहार किया। 

श्री प्रसाद ने कहा कि देश के लोकतांत्रिक इतिहास में सचमुच यह एक शर्मनाक दिन था, मैं इसकी निंदा करता हूं।  उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा सबसे ज़रूरी है। केंद्रीय जितेंद्र सिंह और गृह सचिव राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्न-पत्र के लीक के मुद्दे पर बातचीत के लिए श्री गांधी के पास गए, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।

भाजपा सांसद ने कहा कि श्री गांधी आपने गैर-ज़िम्मेदाराना व्यवहार किया है। कल आपके पूरे व्यवहार की मैं निंदा करता हूं। आखिरकार पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी क्यों कि सुरक्षा और शांति के लिए वह ज़रूरी हो गया था।"

उन्होंने विपक्ष के नेता पर तंज कशते हुए कहा कि यदि आपके (श्री गांधी) पास कोई रचनात्मक सुझाव है तो वह सामने रखें, लेकिन आप तो कोई सुझाव देंगे नहीं। आपका उद्देश्य केवल राजनीतिक लाभ लेना है।” उन्होंने कहा कि आपको (कांग्रेस को) चुनाव में वोट नहीं मिलते, आप बार-बार हारते हैं, आपका व्यवहार निंदनीय था।  श्री प्रसाद ने कहा कि देश का हित राजनीति से ऊपर होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि नीट परीक्षा में जो कुछ हुआ, वह गलत था। इसी कारण सरकार ने बाद की परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की दिशा में कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य की चिंता करना सरकार का कर्तव्य है और सरकार इस जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता से निभा रही है।

भाजपा सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री ने स्वयं कहा है कि पेपर लीक मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री ने वरिष्ठ वकीलों से आगे आकर दोषियों को कठोर दंड दिलाने में सहयोग करने की अपील की है। संसद में इस मुद्दे पर चर्चा को लेकर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भाजपा पूरी तरह बहस के लिए तैयार है। सदन में अच्छी और सार्थक चर्चा होनी चाहिए, ताकि देश में सकारात्मक संदेश जाए। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह संसद की कार्यवाही चलने नहीं देना चाहता।