नई दिल्ली। युवा कांग्रेस ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए शुक्रवार को यहां प्रदर्शन किया और कहा कि पेपर लीक की घटनाओं तथा छात्रों पर हुए बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता वरुण पांडे ने शुक्रवार को बताया कि प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। युवा कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय मंत्री के आवास की ओर मार्च कर रहे थे लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिससे कुछ देर तनाव की स्थिति बनी।
श्री पांडे ने बताया कि इस दौरान युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने प्रदर्शनकारी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश का युवा अब सवाल भी पूछ रहा है और बदलाव की मांग भी कर रहा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक से युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों तथा छात्रों की आवाज को लाठियों से दबाने वालों को देश अवश्य जवाब देगा। उनका आरोप था कि पेपर लीक माफिया शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के संरक्षण में फल-फूल रहा है और इतना बड़ा गठजोड़ सरकार के संरक्षण के बिना नहीं चल सकता। उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष देश के युवाओं के साथ खड़ा है तथा सड़क से संसद तक उनकी लड़ाई लड़ता रहेगा और धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेकर रहेगा।
श्री पांडे ने बताया कि इस दौरान दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा कि सरकार को पेपर लीक रोकने और युवाओं का भविष्य बचाने के बजाय उनकी आवाज दबाने का काम कर रही है। लोकतंत्र के लिए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को भरोसा दिया है कि देश के छात्र अकेले नहीं हैं और पूरा विपक्ष उनके साथ खड़ा है।
श्री लाकड़ा ने कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और युवा कांग्रेस देश के युवाओं के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, छात्रों पर बल प्रयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश के युवाओं से माफी मांगने की मांग की।