0 राघवेंद्र-रूपेश सराफ के ठिकानों पर चली जांच; दस्तावेज लेकर गई टीम
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर विभाग (आईटी) की संयुक्त टीम ने कारोबारी राजकुमार सराफ के बेटों के घर पर दबिश दी। राघवेंद्र सराफ और रूपेश सराफ शराब और जमीन कारोबारी है, उनकी पीतल की फैक्ट्री भी है।
दरअसल, ईडी के अधिकारियों ने 24 जुलाई की रात ही बलौदाबाजार पहुंचकर कारोबारी के घर की निगरानी शुरू कर दी थी। अगले दिन रविवार सुबह टीम ने घर में एंट्री कर तलाशी ली। 24 घंटे से ज्यादा चली जांच के बाद टीम दस्तावेज लेकर निकल गई।
बैंक-संपत्ति समेत कई दस्तावेज खंगाल रही टीम
छापेमारी के दौरान अधिकारी घर के हर कमरे की बारीकी से जांच की। कई दस्तावेज खंगाले गए, जिनमें डायरी, बैंक खातों के विवरण, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड शामिल हैं। परिवार के सदस्यों और कारोबार से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की गई। राजकुमार सराफ शहर के जाने-माने कारोबारी हैं। उनके कई व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं। राजकुमार के बेटे राघवेंद्र सराफ और रूपेश सराफ कारोबार चला रहे हैं। अधिकारियों को बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है, जिसके चलते यह कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को ईडी की टीम को कुछ अहम दस्तावेज मिले थे, जिनके आधार पर आईटी विभाग ने फिर अतिरिक्त कार्रवाई शुरू की है।
कोई अधिकारिक बयान नहीं आया
हालांकि, अधिकारियों की ओर से अभी तक छापे के कारणों और जांच के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। जांच के दौरान क्या कुछ मिला, इसे लेकर सफाई नहीं दी गई है। बताया जा रहा है कि छापेमारी में कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।