0 प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी
0 सीएम साय ने कहा- बाढ़ की स्थिति से निपटने सभी कलेक्टर अलर्ट
रायपुर/धमतरी/गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में मानसून एक्टिव होने के बाद भारी बारिश के कारण प्रदेश के कई नदी-नाले उफान पर है। लगातार भारी बारिश की वजह से नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। कई जगहों पर स्कूलों को बंद करने के आदेश जारी किए जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में लगातार हो रही बारिश से खारून नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
इस परिस्थितियों को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के सभी कलेक्टर समेत अन्य अधिकारियों को अलर्ट किया गया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अगर किसी भी क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनती है तो जरूरतमंदों को त्वरित सहायता पहुंचाई जाए।
राजधानी रायपुर में मंगलवार से लगातार रूक-रूककर बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान पूरे प्रदेश में 25 मिमी बारिश हो गई। यह औसत का 125 प्रतिशत है। राज्य के लगभग सभी हिस्सों में जमकर बारिश हुई है। यही वजह है कि प्रदेश में सीजनल बारिश एक बार फिर सामान्य स्थिति में पहुंच गई है।
1 जून से 28 जुलाई तक प्रदेश में 437.2 मिमी पानी गिर चुका है, जबकि इस दौरान बारिश का औसत 531.8 मिमी है। यानी अब औसत से सिर्फ 18 फीसदी कम है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के आसपास बने गहरे अवदाब के प्रभाव से अगले दो दिनों तक छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सबसे ज्यादा 110 मिमी बारिश चांपा में रिकार्ड की गई।
स्कूलों में पानी भरने से छुट्टी घोषित, डीईओ ने जारी किया आदेश
धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है और इसका असर अब स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है। जिले के कई स्कूलों में बारिश का पानी भरने से जिला शिक्षा अधिकारी के नगरी ब्लाॅक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दिया है। गुजरा स्कूल का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें बच्चे घुटनों तक भरे पानी के बीच से गुजरते हुए स्कूल जाते दिखाई दे रहे हैं। लगातार बारिश और बिगड़ते मौसम को देखते हुए शिक्षा विभाग ने अवकाश घोषित किया है। वहीं, नगरी क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है।
मछली पकड़ने गया युवक एनिकट में बहा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
धमतरी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच सिहावा क्षेत्र के सेमरा गांव में एक युवक के तेज बहाव में बह जाने की घटना सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक मछली पकड़ने के लिए नदी के एनीकट पर पहुंचा था। तभी अचानक वह तेज धारा की चपेट में आ गया और लापता हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, लापता युवक की पहचान घोटगांव निवासी धनंजय के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस और रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। नदी में जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। रेस्क्यू टीम लगातार नदी और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश कर रही है, लेकिन तेज धारा अभियान में बाधा बन रही है।
नाले के तेज बहाव में बहा अधेड़, 5 किमी दूर मिला शव
गरियाबंद जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इस बीच फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में तेज बहाव के बावजूद सरगी नाला पार करने की कोशिश एक 55 वर्षीय ग्रामीण की जान पर भारी पड़ गई। नाले में बहने के करीब एक घंटे बाद उसका शव घटनास्थल से करीब 5 किलोमीटर दूर बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) आज सुबह अपने एक साथी के साथ धूर्सा गांव आए थे। सुबह करीब 7 बजे के बाद लगातार बारिश से सरगी नाला का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। वापसी के दौरान साथी और वहां मौजूद अन्य लोगों ने तेज बहाव को देखते हुए नाला पार करने से मना किया, लेकिन थनवार यादव ने उनकी बात नहीं मानी और नाला पार करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोग उन्हें लगातार रोकते रहे, जबकि कुछ लोग घटना का वीडियो भी बना रहे थे। जैसे ही वह तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंचे, पानी की धारा उन्हें बहाकर ले गई।
सभी सेंटरों में रिकॉर्ड हुई बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के लगभग सभी सेंटरों में बारिश रिकार्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 312 केंद्रों में मौसम विभाग बारिश रिकार्ड करता है। सबसे ज्यादा 20 मिमी और 21 से 50 मिमी तक बारिश 262 केंद्रों में हो गई। 50 सेंटरों में भारी बारिश रिकार्ड की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि जब कोई मजबूत सिस्टम सक्रिय होता है तो उसकी व्यापकता प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों तक रहती है। अभी काफी मजबूत सिस्टम अवदाब बना हुआ है। इसके प्रभाव से पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश हो रही है। सभी सेंटरों में बारिश होने के कारण ही पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में 25 मिमी बारिश हो गई।