नई दिल्ली। अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी और राजधानी में प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों पर पुलिस कार्रवाई के बारे में गृहमंत्री अमित शाह से जवाब देने की मांग करते हुए विपक्षी दलों के सदस्यों ने लोकसभा में गुरुवार को जमकर हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी गयी।
दो बार के स्थगन के बाद सदन की कार्यवाही तीन बजे शुरू हुई तो विपक्षी सदस्य अपने स्थान पर खड़े होकर हंगामा करने लगे जिसके कारण पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने एक मिनट में ही कार्यवाही साढ़े तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले एक बार के स्थगन के बाद दो बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरु हुई विपक्षी सदस्य हाथों में तख्तियां लहराते हुए और नारे लगाते हुए सदन के बीचोंबीच आ गये। पीठासीन अधिकारी ने सदस्यों से नारेबाजी नहीं करने और तख्तियां न लहराने का आग्रह किया लेकिन सदस्यों ने उनके आग्रह को अनसुना कर दिया।
हंगामा के बीच पीठासीन अधिकारी ने जरूरी कागजात सदन के पटल पर रखवाये। उन्होंने सदस्यों से हंगामा नहीं करने का फिर आग्रह किया लेकिन हंगामा जारी रहा तो उन्होंने सदन की कार्यवाही तीन बजे तक स्थगित कर दी।
इससे पूर्व 11 बजे अध्यक्ष ओम बिरला ने जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू की विपक्षी सदस्यों ने नारे लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया जिसके कारण उन्हें सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी।