0 पुलिस को घर से दस्तावेज मिले
0 पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड सज्जाद भट का करीबी
कोलकाता। बंगाल पुलिस ने पूर्वी बर्धमान जिले से जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने हामिद मंडल नाम के इस शख्स को गुरुवार देर रात एक हाउसिंग कॉम्प्लैक्स से पकड़ा है।
पुलिस के मुताबिक मंडल के मोबाइल और घर से मिले दस्तावेजों से पता चला है कि वह मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के बारे में जानकारी जुटा रहा था। पुलिस यह भी कह रही है कि हामिम पुलवामा अटैक के मास्टरमाइंड सज्जाद भट का करीबी है। 14 फरवरी 2019 को पुलवामा अटैक में 40 सीआरपीएफ जवान शहीद हो गए थे। हामिद को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।
बदला लेने की फिराक में कट्टरपंथीः भाजपा
संदिग्ध आतंकी के पकड़े जाने के बाद भाजपा प्रवक्ता देबजीत सरकार ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल दशकों से कट्टरपंथी इस्लामी समूहों के लिए सुरक्षित गलियारा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कट्टरपंथी समूह अब उन नेताओं पर हमले की कोशिश कर रहे हैं, जिन्होंने चरमपंथियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है।
बंगाल एसटीएफ के 3 दावे
1. आरोपी हामिम एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए आतंकवादी संगठन के उस मॉड्यूल से जुड़ा, जिसे गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी अजमल गुज्जर चलाते थे।
2. भट्टी का नेटवर्क बॉर्डर पार से ड्रग्स और हथियारों की तस्करी करता था। इससे होने वाली कमाई का इस्तेमाल वह भारत में आतंकवादी गतिविधियों की फंडिंग के लिए करता था।
3. हामिम हावड़ा में काम करता था। बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले वह बर्धमान चला गया था, जहां उसने अपार्टमेंट किराए पर लिया। जांच एजेंसियों की नजर से बचने के लिए वह पिछले दो-तीन महीनों से छिपा हुआ था।
पुलिस जांच के 2 एंगल
क्या मंडल किसी ऐसे नेटवर्क का हिस्सा था जिसे बंगाल में भाजपा और आरएसएस के लोगों की जानकारी इकट्ठा करने का काम सौंपा गया था। मोबाइल टावर लोकेशन डेटा और डिजिटल सबूतों से पता चला है कि वह लगातार हैंडलर्स के संपर्क में था। क्या राज्य के भाजपा मंत्री उमेश राय को मिली धमकियों के पीछे मंडल का हाथ था। राय ने बताया थाा कि उन्हें कॉल करने वाले ने खुद को पाकिस्तानी एजेंसी से जुड़ा बताया था, और बेटे को किडनैप करने की धमकी दी थी।