Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्षी सदस्यों ने चढ़ावा चोरी तथा छात्रों पर पुलिस कार्रवाई मामले में गृहमंत्री अमित शाह से सदन में बयान देने की मांग करते हुए हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

पीठासीन अधिकारी दिलीप सैकिया ने एक बार के स्थगन के बाद दोबारा 12 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू की विपक्ष के सदस्य अपनी मांगों को लेकर पहले की तरह हंगामा और नारेबाजी करने लगे। हंगामा के बीच ही पीठासीन अधिकारी ने जरूरी कागजात सदन के पटल पर रखवाए।

सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विकास मंत्री जीतन राम मांझी ने 'सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम (विकास संशोधन) विधेयक 2026" सदन में हंगामा के बीच सदन में विचार तथा पारित करने के लिए पेश किया, जिसे सदन में हंगामे की बीच ही बिना चर्चा के ध्वनिमत से पारित कर दिया।

संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि विपक्ष गृहमंत्री को सदन में आने की बात कर रहा है लेकिन यह सिर्फ सदन को बाधित करने का प्रयास है क्योंकि किसी मंत्री को इस तरह से सदन में आने की मांग नहीं की जा सकती।

पीठासीन अधिकारी ने फिर सदस्यों से शांत होने और अपने स्थान पर बैठने का आग्रह किया लेकिन सदस्यों ने उनके आग्रह को अनुसुना करते हुए हंगामा तेज कर दिया जिसके कारण उन्होंने सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी।