Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को कहा कि सरकार विद्यार्थियों के मामले में सदन में चर्चा और गृह मंत्री के जवाब को लेकर सहमत है तथा इस मुद्दे पर सदन की कार्यवाही बाधित नहीं की जानी चाहिए।
प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी सदस्य हंगामा करने लगे कि 20 जुलाई को राजधानी में पुलिस कार्रवाई की जवाबदेही तय की जाये और इसको लेकर गृह मंत्री अमित शाह सदन में बयान दें। समाजवादी पार्टी के सदस्य अयोध्या के राममंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच की मांग को लेकर नारे लगाते हुए शोरगुल करने लगे।

श्री बिरला ने कहा कि सरकार और विपक्ष दोनों को मिलकर सहमति बनानी चाहिए। सदन की कार्यवाही चलनी चाहिए। विपक्ष की जो प्रमुख मांग है कि विद्यार्थियों के मामले में गृह मंत्री जवाब दें या चर्चा में भाग लें, सरकार ने इस पर सहमति जतायी है। कल कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने स्पष्ट रूप से कहा है कि गृह मंत्री विद्यार्थियों के मामले में जवाब देने को तैयार हैं।

श्री बिरला ने कहा कि प्रश्नकाल बहुत महत्वपूर्ण होता है, वह व्यक्तिगत रूप से भी कई बार आग्रह कर चुके हैं कि प्रश्नकाल की कार्यवाही बाधित न की जाये। इसमें सदस्य जनता के हितों से जुड़े सवाल पूछते हैं और सरकार तथा कार्यपालिका की जवाबदेही निर्धारित की जाती है।
उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा होनी चाहिए। ये देश में बहुत बड़े परिवर्तन लाने वाले हैं। इन पर विस्तृत चर्चा और संवाद होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सदन न चलने से उनका मन दुखी होता है। सदन कार्यवाही चलाने में सहयोग करें।
श्री बिरला के आग्रह का विपक्षी सदस्यों पर कोई असर नहीं हुआ और हंगामा जारी रहा तो उन्होंने कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।