Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 सांसद रूप कुमारी चौधरी भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष और दीपक म्हस्के सोशल मीडिया संयोजक बनाए गए

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई टीम में 65 पदाधिकारियों की घोषणा की है। नबीन की इस नई टीम में छत्तीसगढ़ को भी महत्वपूर्ण जगह मिली है। इसमें महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं दीपक महस्के को सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। 

छत्तीसगढ़ से महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा अध्यक्ष बनाए जाने को प्रदेश संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पार्टी के भीतर इसे राज्य में संगठनात्मक मजबूती और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के रूप में देखा जा रहा है। रूपकुमारी चौधरी महासमुंद लोकसभा सीट से भाजपा सांसद हैं। अघरिया समाज से आने वाली रूपकुमारी जमीनी राजनीति की मजबूत पहचान रखी हैं। इससे पहले वे बसना विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं और लंबे समय तक संगठन में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। 
ग्राम हर्राटार, पोस्ट सरायपाली, जिला महासमुंद निवासी रूपकुमारी चौधरी के राजनीति सफर की शुरुआत 2005 में सरायपाली विधानसभा क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य चुने जाने के साथ हुई। रूपकुमारी चौधरी ने 2013 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह को हराकर पहली बार विधायक बनी थीं। 

आईटी सेल प्रमुख बने दीपक म्हस्के
दीपक म्हस्के को भाजपा ने पार्टी के आईटी सेल का नया प्रमुख नियुक्त किया है। उन्होंने अमित मालवीय की जगह यह जिम्मेदारी संभाली है। खास बात यह है कि म्हास्के की पहचान सिर्फ राजनीतिक संगठनकर्ता के तौर पर नहीं है। वे केमिस्ट्री के प्रोफेसर रह चुके हैं और चुनावी डेटा एनालिसिस, कृषि, सरकारी योजनाओं और पब्लिक सेक्टर में काम का अनुभव रखते हैं। दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी देकर भाजपा ने डिजिटल रणनीति को और मजबूत करने का संकेत दिया है। म्हस्के लंबे समय से पार्टी के सोशल मीडिया अभियानों और डिजिटल गतिविधियों से जुड़े रहे हैं।

शिक्षक बनने से लेकर सोशल मीडिया तक का सफर
नितिन नबीन की टीम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले दूसरे शख्स दीपक महस्के वर्तमान में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष हैं। इनकी पार्टी के भीतर पहचान संगठनात्मक रणनीतिकार, आईटी/सोशल मीडिया और मीडिया क्षेत्र में सक्रिय नेता के तौर पर है।

संगठन से शुरुआत और आईटी सेल की भूमिका
दीपक महस्के की भाजपा में प्रमुख पहचान आईटी सेल और डिजिटल संगठन से बनी। वर्ष 2014 में वे छत्तीसगढ़ भाजपा के आईटी सेल के प्रदेश संयोजक के तौर पर पार्टी के चुनावी अभियान में सोशल मीडिया और तकनीक के इस्तेमाल को लेकर सक्रिय थे। उस समय भाजपा ने चुनावी समन्वय के लिए हाईटेक कॉल सेंटर और ऑडियो-ब्रिज जैसी तकनीक का इस्तेमाल किया था। 2018 में भी वे भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक के रूप में पार्टी के सोशल मीडिया वॉलंटियर नेटवर्क को मजबूत करने की कवायद में प्रमुख भूमिका में थे। पार्टी ने सोशल मीडिया समर्थकों को प्रशिक्षण देने और क्षेत्रवार व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से संगठन से जोड़ने की योजना बनाई थी। 

आक्रामक राजनीतिक वक्ता की छवि
प्रदेश प्रवक्ता के रूप में महस्के ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ कई राजनीतिक मुद्दों पर भाजपा का पक्ष रखा। फरवरी 2023 में उन्होंने नगरीय निकायों में निर्माण नियमितीकरण और कथित भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला किया था। इस दौर में उनकी भूमिका मुख्यतः भाजपा के राजनीतिक नैरेटिव को मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से रखने वाले प्रवक्ता की रही।