Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

रायपुर। भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी सोनमणि बोरा (भा.प्र.से.-1999) ने आज प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन का कार्यभार ग्रहण किया। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 18 अगस्त 2026 को जारी आदेश के तहत श्री बोरा को प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग पदस्थ किया गया है। वे प्रमुख सचिव, आदिम जाति विकास विभाग, अनुसूचित जाति विकास विभाग तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। वे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। 

कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात श्री बोरा ने विभागीय अधिकारियों से विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों और विभिन्न कार्यों की जानकारी ली। इस अवसर पर विभाग के संचालक श्री रिमिजियुस एक्का, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमीत अग्रवाल, उप सचिव श्री भागवत जायसवाल, अपर संचालक श्री पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता श्री राजेश शर्मा, संयुक्त संचालक श्री मिथिलेश  अवस्थी,  उप संचालक श्री अरुण साहू, सूडा के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील अग्रहरि तथा  अधीक्षण अभियंता श्री रमेश सिंह के साथ ही अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और विभागीय गतिविधियों से अवगत कराया।

उल्लेखनीय है कि श्री बोरा की राज्य गठन के पश्चात रायपुर को राजधानी के रूप में संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे रायपुर नगर पालिक निगम, आरडीए, बीडीए के आयुक्त एवं सीईओ रहे। उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव से रायपुर और बिलासपुर के नगर विकास के साथ-साथ कवर्धा, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, बिलासपुर जैसे जिलों के विकास में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। श्री बोरा के कार्यकाल में सफाई मित्र योजना, बूढ़ातालाब के साथ अन्य तालाबों के संवर्धन, विकास और पुनरोद्धार तथा रायपुर के महादेव घाट में मूर्ति विसर्जन के लिए स्थान निर्धारित कर कार्य प्रारंभ कराया गया। नगरीय क्षेत्रों में विद्यालयों का कायाकल्प कराया गया। रायपुर नगर निगम में जन्म व मृत्यु पंजीयन को ऑनलाइन कराया गया, लेखा संबंधित कार्यो को मैनुअल पध्यति से सॉफ्टवेयर आधारित कराया गया। साथ ही संचालन-संधारण (ओ एंड एम) कार्यो को प्रिवेंटिव कार्यो के रूप में शामिल कराने जैसे कार्य उनकी प्रमुख उपलब्धियां रहीं।
        
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग नगरीय निकायों के माध्यम से नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शहरी विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं के संचालन और क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। श्री बोरा के कार्यभार ग्रहण करने के साथ विभागीय कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा नगरीय विकास से जुड़े कार्यों के बेहतर समन्वय को और गति मिलने की उम्मीद है। श्री बोरा ने अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि जनता से जुड़े विभागीय कार्यक्रम तथा उनके मूलभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं को प्रमुखता दी जानी चाहिए।