0 रायपुर-धमतरी में कार्रवाई, धरने पर बैठे कांग्रेसी
धमतरी/रायपुर/दुर्ग। छत्तीसगढ़ में शराब घोटाला मामले में ईडी की टीम ने रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी में पीसीसी कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के करीबी व रिश्तेदारों के आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर दबिश दी। अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की गई।
रायपुर में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के अनुपम नगर स्थित निवास और धमतरी में सिहावा रोड स्थित उनके घर पर 9 घंटे तक कार्रवाई चली। टीम अपने साथ कुछ अहम दस्तावेज लेकर गई है। रामगोपाल अग्रवाल को शराब, कोल और कस्टम मिलिंग घोटाले में आरोपी बनाया गया है। 8 दिन पहले ही ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर रायपुर कोर्ट में पेश किया था।
धमतरी में रामगोपाल अग्रवाल के घर ईडी की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने ईडी और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर विधायक, जिलाध्यक्ष समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रायपुर के रवि नगर स्थित कारोबारी अनूप अग्रवाल के घर पर भी ईडी की टीम पहुंची है। अनूप अग्रवाल रामगोपाल अग्रवाल के करीबी माने जाते हैं। टीम घर के अंदर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
वहीं, दुर्ग में बिल्डर सजल जैन और विश्वास गुप्ता के घर पर सुबह करीब 6 बजे ईडी की टीम पहुंची। करीब 7 अफसरों की टीम दोनों ठिकानों पर जांच कर रही है। कार्रवाई फिलहाल जारी है। जैन और विश्वास गुप्ता कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के करीबी माने जाते हैं। ऐसी चर्चा है कि कई अधिकारियों का पैसा भी दोनों के रियल एस्टेट कारोबार में लगा हुआ है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।