Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 कोई नामजद नहीं, प्रदर्शनकारी बोला-आंख खराब हुई
0 राहुल छात्र के साथ थाने से रवाना
नई दिल्ली। राहुल गांधी के 6 घंटे धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले छात्र साहिल की एफआईआर दर्ज कर ली, लेकिन मामला अज्ञात पर दर्ज किया गया है। साहिल का आरोप है कि पैलेट गन के छर्रे लगने से उसकी आंख की रोशनी चली गई।

एफआईआर दर्ज करवाने तक राहुल संसद मार्ग थाने के बाहर ही बैठे रहे और एफआईआर के बाद छात्र के साथ थाने से निकले। राहुल शुक्रवार दोपहर करीब 12.30 बजे से थाने पहुंचे थे। जब राहुल की मांग नहीं मानी गई, तो वे डीसीपी से मिले। बातचीत का नतीजा न निकलने पर धरने पर बैठ गए। बोले- जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होगी, हटूंगा नहीं। राहुल ने साहिल को लगे छर्रे दिखाकर कहा था- ‘ये छर्रे सबूत हैं, साहिल के शरीर से निकले हैं। अगर पुलिस ने गन नहीं चलाई तो किसने चलाई।'

राहुल के साथ प्रियंका गांधी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश भी मौजूद थे। एफआईआर दर्ज होने के बाद राहुल ने कहा कि जब दिल्ली में इतने घंटे धरना देना पड़ा तो देश के बाकी हिस्सों में छात्रों और रेप पीड़ितों का क्या हाल होगा।

राहुल बोले- ऊपर से रुकावट डाली
राहुल गांधी ने थाने से निकलते समय पैलेट गन मामले में एफआईआर दर्ज करने में हुई देरी पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि ऊपर से न्याय में रुकावट डाली जा रही थी। राहुल बोले- यह न्याय की दिशा में पहला कदम है। इस युवक के साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ है।

राहुल मीडियाजीवी हैंः भाजपा
भाजपा ने राहुल के धरने पर कहा कि वे मीडियाजीवी हैं। जंतर-मंतर प्रदर्शन का मामला सुप्रीम कोर्ट में है और जांच कमेटी भी बना दी गई है। भाजपा महासचिव स्मृति ने कहा कि सुरक्षाबलों पर भी हमला हुआ था, उनके लिए राहुल नहीं बोले।