Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 दैनिक समवेत शिखर के 37वें स्थापना दिवस पर मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन 
0 शिविर में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं व अन्य लोगों ने आंख, दंत एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच कराई

रायपुर। दैनिक समवेत शिखर के 37वें स्थापना वर्ष पर सोमवार को बाल आश्रम परिसर कचहरी चौक में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री व रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सीआईआई के पूर्व चेयरमैन संजय जैन, समाजसेवी शांति बरडिय़ा, बाल आश्रम के अध्यक्ष अजय तिवारी एवं पूर्व विधायक व पूर्व महापौर स्वरूपचंद जैन उपस्थित थे। शिविर में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं व अन्य लोगों ने आंख, दांत एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच कराई।     

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन के साथ हुई। तत्पश्चात दैनिक समवेत शिखर के प्रधान संपादक देवीचंद श्रीश्रीमाल ने मुख्य अतिथि श्री मूणत समेत सभी अथितियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। इस मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक राजेश मूणत ने कहा कि किसी अखबार के लिए 37 वर्ष की यात्रा आसान नहीं होती। आज के दौर में अखबार का प्रकाशन एक कठिन कार्य है। ऐसे में समवेत शिखर अखबार का संचालन एवं प्रकाशन किसी उपलब्धि से कम नहीं है। जिस समय यह पेपर चालू हुआ, उस समय न ही कोई तकनीक थी और न ही गूगल था, जिससे तत्काल कोई समाचार मिल पाए। ऐसे में 37 साल की यात्रा में किसी पेपर को जीवित रखना एक बहुत बड़ी चुनौती है। 
श्री मूणत ने कहा कि कभी ऐसी स्थिति हो जाती है कि भ्रामक जानकारी भी तेजी से फैल जाती है। उन्होंने बीते दिनों को याद करते हुए बताया कि 1990 के दशक में नई दिल्ली के कनाट प्लेस के पास स्थित मंदिर में भगवान गणेश के दूध पीने की खबर अखबार के माध्यम से तेजी से फैल गई, क्योंकि उस समय ऐसी कोई तकनीक नहीं थी, जिससे सच का पता लगा सके। यह एक उदाहरण है। पेपर में जो छप जाता था, उसे सच मान लेते थे। आज गूगल से सब पता कर लेते हैं। बावजूद इसके आज के दौर में अखबार निकलना किसी जनूनू से कम नहीं है।
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए श्री मूणत ने कहा कि कभी भी जीवन में निगेटिव विचार नहीं लाना चाहिए। निगेटिव विचार हमें आगे बढऩे नहीं देता है, इसलिए जीवन में आगे बढऩा है और जीवन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अपना सबकुछ लगा दीजिए। इसके अलावा कुछ नहीं सोचना चाहिए। जीवन में आलोचना-समालोचना होती रहेगी।  
श्री मूणत ने दैनिक समवेत शिखर के अनवरत प्रकाशन पर कहा कि आज के दौर में 8 पेज का पेपर निकालना भी कोई आसान काम नहीं है, लेकिन 37 सालों से लगातार इसका प्रकाशन किया जा रहा है, यह बड़ी बात है। जिस तरह से इस संस्था को यहां तक पहुंचाया है, इसे और आगे बढ़ाने का काम करेंगे, यही शुभकामना देता हूं। 

समाचार के साथ समाज सेवा से जुड़कर प्रशंसनीय कार्य कर रहा : शांति बरडिय़ा
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित समाजसेवी शांति बरडिय़ा ने कहा कि स्थापना वर्ष पर समवेत शिखर परिवार को हार्दिक बधाई देता हूं। जनता की सच्चाई पहुंचाना एक कठिन कार्य है। समवेत शिखर लंबे समय तक समाज के मुद्दे को सामने लाकर और सिर्फ समाचार तक ही सीमित न होकर समाज सेवा से भी जुड़कर प्रशंसनीय कार्य कर रहा है। इसके लिए मैं प्रधान संपादक देवीचंद श्रीश्रीमाल को बधाई देता हूं। 

सही बात जनता तक पहुंचाना कठिन कार्य है: संजय जैन 
कार्यक्रम में सीआईआई के पूर्व चेयरमैन संजय जैन ने कहा कि पत्रकारिता एक नायाब चीज होती है। उसे बनाए रखना और सही बात जनता तक पहुंचाना कठिन कार्य है। समाचार पत्र सही जानकारी जनता तक पहुंचाने का काम कर रहा है। आज के आयोजन के लिए बधाई देता हूं। बच्चे पत्रकारिता में भी बहुत अच्छा कैरियर बना सकते हैं। श्री जैन ने कहा कि दिल्ली में वरिष्ठ पत्रकार रविश कुमार उनके सहपाठी रहे। छात्र-छात्राएं पत्रकारिता में न केवल अपने लिए कैरियर चुन सकते हैं, बल्कि समाज के लिए भी बहुत कुछ कर सकते हैं।  

अखबार निकालना किसी परिश्रम से कम नहीं: अजय तिवारी
कार्यक्रम में उपस्थित बाल आश्रम के अध्यक्ष अजय तिवारी ने कहा कि देवीचंद श्रीश्रीमाल जी 1972 में पत्रकार के रूप में पेपर निकाल रहे थे। लगातार 37 वर्ष तक अखबार निकालना किसी परिश्रम से कम नहीं है। इसके लिए उन्होंने प्रधान संपादक को शुभकामनांए दी और कहा कि अखबार लगातार प्रगति के पथ अग्रसर रहे, ऐसी मेरी शुभकामनाएं हंै। 

आज के समय में पत्रकारिता बहुत कठिन है: स्वरूप चंद जैन 
कार्यक्रम में पूर्व विधायक व पूर्व महापौर स्वरूपचंद जैन ने कहा कि लगातार 37 वर्ष तक अनवरत अखबार का प्रकाशन, जनता के सामने लगातार खबरें देते रहना और जनमानस के समक्ष सच्चाई लाना एक जूनून का काम होता है। उन्होंने दैनिक समवेत शिखर के प्रकाशन के संबंध में कहा कि मन में एक कल्पना थी। उस समय हिंदी और अंग्रेजी अखबार के बीच एक अंतर दिखता था। उस समय हिंदी के पत्रकार को दोयम दर्जे का मानते थे। उसी को ध्यान में रखते हुए दैनिक समवेत शिखर का प्रकाशन शुरू किया कि हिंदी के पत्रकार को भी अंग्रेजी के पत्रकारों की तरह सम्मान मिले। उस समय दैनिक समवेत शिखर रंगीन छपने वाला प्रथम अखबार रहा। देवीचंद श्रीश्रीमाल लगातार लंबे समय से सफलतापूर्वक अखबार के प्रकाशन का दायित्व निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में पत्रकारिता बहुत कठिन होती है। मैं चाहूंगा कि समवेत शिखर को और ऊंचाई तक ले जाएं। 

समवेत शिखर पूरे छत्तीसगढ़ को कनेक्ट करता है: देवीचंद श्रीश्रीमाल
कार्यक्रम में दैनिक समवेत शिखर के प्रधान संपादक देवीचंद श्रीश्रीमाल ने कहा कि आज बड़ा अखबार और छोटा अखबार की धारणा है। जिसका सर्कुलेशन ज्यादा है, उस अखबार में हर 30-40 किमी में एडिशन बदल जाता है। ऐसा करके बहुत सारे संस्करण निकालते हैं, लेकिन उसमें दूसरे क्षेत्र की खबरें नहीं मिलती। वहीं समवेत शिखर ऐसा अखबार है, जो एक ही एडिशन निकलता है, पर वह पूरे छत्तीसगढ़ को कनेक्ट करता है। इसमें छत्तीसगढ़ के अलावा, मध्यप्रदेश और ओडि़शा का कुछ हिस्सा भी आ जाता है। अखबार में एक-दूसरे से सब कनेक्ट रहते हैं। श्री श्रीश्रीमाल ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। साथ ही उन्होंने सभी अतिथियों का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। 
इस अवसर पर स्वास्थ्य शिविर के संयोजक डॉ. निरंजन हरितवाल, दैनिक समवेत शिखर के प्रबंध संपादक विवेक श्रीश्रीमाल, डॉ. सुरेश शुक्ला, गोकुलदास डागा, मदन तालेड़ा, शिवराज भंसाली, रूपचंद श्रीश्रीमाल, प्रेमरतन श्रीश्रीमाल, डॉ. नरेन्द्रर पाल, डागा कालेज की प्राचार्या डॉ. संगीता घई, प्राध्यापकगण, दैनिक समवेत शिखर के समाचार संपादक शंकर चंद्राकर, प्रबंधक मुरारी झा, प्रसार प्रमुख धर्मेंद्र यदु के अलावा बाल आश्रम के अधीक्षक अनिल चन्द्राकर, शिवप्रसाद दुबे सहित बड़ी संख्या में कालेज की छात्राएं व संस्था के छात्र उपस्थित रहे।  

शिविर में सीता मेमेरियल डेंटल क्लीनिक, छत्तीसगढ़ हॉस्पिटल व एसेलुश हॉस्पिटल की टीम ने की जांच 
दैनिक समवेत शिखर के 37वें स्थापना दिवस पर लगे नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर में डागा कन्या महाविद्यालय की छात्राओं और बाल आश्रम व राष्ट्रीय विद्यालय के छात्रों की भीड़ लगी रही। शिविर में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक 500 से अधिक छात्र-छात्राओं व अन्य लोगों ने आंख, दांत, बीपी-शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच कराई। शिविर में दांत संबंधी समस्याओं के लिए सीता मेमोरियल मल्टीस्पेशियलिटी डेंटल क्लीनिक समता कॉलोनी के डॉ. जितेंद्र सराफ, डॉ. प्रिया, डॉ. स्वाती व टीम ने जांच की। इसी तरह आंख संबंधी समस्याओं के लिए छत्तीसगढ़ हास्पिटल चौबे कॉलोनी के डॉ. प्रखर जैन, डॉ. सोनाली मालेवार व टीम ने जांच की। बीपी-शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए एसेलुश हॉस्पिटल अवंति विहार के डॉ. हिमांशु जांगड़े, सच्चिदानंद कुशवाह, पुखराज व उनकी टीम ने अपनी सेवाएं दी। 
 

tranding
tranding
tranding