Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 सीजीपीएससी पेपर-लीक केसः 5 ठिकानों से डिजिटल डिवाइस और अहम दस्तावेज जब्त

0  उत्कर्ष चंद्राकर ने पूर्व मुख्यमंत्री के पीए-मामा के नाम का किया इस्तेमाल

रायपुर। सीजीपीएससी की 2020 और 2021 की परीक्षाओं में पेपर लीक, गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी की रायपुर जोनल टीम ने 1 सितंबर को रायपुर, दुर्ग, धमतरी और जशपुर में 5 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी।। जांच में दौरान ईडी ने 3 करोड़ रुपए से ज्यादा की अपराध से अर्जित रकम सामने आने की बात कही है। इस मामले में उत्कर्ष चंद्राकर को भी गिरफ्तार किया गया है। 5 सितंबर तक ईडी उससे पूछताछ करेगी।

नौकरी दिलाने और पेपर देने के नाम पर वसूली
ईडी के मुताबिक, सीजीपीएससी की 2021 की परीक्षा का पेपर लीक कर कुछ अभ्यर्थियों और आरोपियों के रिश्तेदारों तक पहुंचाया गया। इसके बदले अभ्यर्थियों से पैसे लिए गए। जांच में यह भी सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क के जरिए डिप्टी कलेक्टर और डीएसपी जैसे बड़े पदों पर फर्जी तरीके से चयन कराने की कोशिश की गई। ईडी के अनुसार, उत्कर्ष चंद्राकर और डॉ. विकास चंद्राकर ने नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों से पेपर उपलब्ध कराने का भरोसा देकर 3 करोड़ रुपए से ज्यादा नकद जुटाए। इसमें से करीब 2.80 करोड़ रुपए अनिल चंद्राकर को दिए गए।

पूर्व सीएम के पीए और ओएसडी के नाम का इस्तेमाल
जांच एजेंसी का दावा है कि, उत्कर्ष चंद्राकर ने अभ्यर्थियों से पैसे जुटाने के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री के निजी सहायक (पीए) और अपने मामा केके चंद्रवंशी के नाम, पद और प्रभाव का इस्तेमाल किया। इसके साथ ही तत्कालीन मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ रहे ओएसडी के नाम और प्रभाव का भी इस्तेमाल कर अभ्यर्थियों को प्रभावित करने की बात सामने आई है।

मोबाइल और बैंक खातों से मिले सबूत
ईडी ने इस मामले में इससे पहले 3 जून 2026 को भी तलाशी ली थी। जांच के दौरान उत्कर्ष चंद्राकर के मोबाइल से डिजिटल सबूत, बैंक खातों की जानकारी और पीएमएलए की धारा 50 के तहत दर्ज बयानों का विश्लेषण किया गया। ईडी का कहना है कि इन सबूतों से पता चला कि उत्कर्ष चंद्राकर अपराध से अर्जित रकम को जुटाने, रखने, छिपाने, ट्रांसफर करने और उसे वैध संपत्ति के रूप में दिखाने की गतिविधियों में शामिल था। इसके बाद उसे पीएमएलए की धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया गया।

5 ठिकानों से दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त
मंगलवार को हुई कार्रवाई में ईडी ने रायपुर, दुर्ग, धमतरी और जशपुर में 5 ठिकानों पर तलाशी ली। इस दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज, मोबाइल समेत डिजिटल डिवाइस, वित्तीय रिकॉर्ड, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य अहम सबूत जब्त किए गए हैं। ईडी ने कहा है कि मामले में आगे की जांच जारी है।