0 दीयों की रौशनी से जगमग हुई जन्मस्थली वडनगर, कर्मभूमि काशी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को देश भर में जगह-जगह विशेष कार्यक्रम आयोजित किये गये। इस मौके पर उनकी जन्मस्थली वडनगर (गुजरात) से लेकर उनकी कर्मभूमि वाराणसी तक में उत्सव का वातावरण था। इस उपलक्ष्य में शाम को देश में जगह-जगह 'आशीर्वाद दीये' जलाये गये। देश विदेश के नेताओं ने श्री मोदी को जन्म दिन की बधाई दी। मोदी के बहुत से प्रशंसकों, शुभचिंतकों और सहयोगियों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी और देश की मंगलकामना के साथ मंदिरों और धर्मस्थलों पर पूजा-प्रार्थना की।
13 साल गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और पिछले 12 साल से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज जन्मदिन है, आज वह 76 साल के हो गए हैं। देश के कोने कोने से तस्वीरें आई हैं। हर जगह प्रधानमंत्री के लिए आशीर्वाद के दीये जलाए गए हैं। आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को अपना फ्यूचर प्लान बता रहे थे, उस वक्त देश भर में उनके दीर्घायु होने की प्रार्थना हो रही थी। आशीर्वाद के दीये जलाए जा रहे थे।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर, भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और अन्य लोगों ने थिम्पू के ताशीछो ज़ोंग में पीएम मोदी की 25 साल की जन-सेवा के उपलक्ष्य में आयोजित दीया जलाने के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पीएम के जन्मदिन पर हरियाणा में 80 लाख, पश्चिम बंगाल में 70 लाख दीये जगमगाए। कोलकाता में आउट्राम घाट इलाके को रोशन किया गया।
उज्जैन में शिप्रा नदी के किनारे का खूबसूरत नजारा, जहां आज शाम 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव इस कार्यक्रम में शामिल हुए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर अहमदाबाद में कांकरिया झील पर आरती की। दिल्ली में कर्तव्य पथ पर 2 लाख दीये जले। 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत कर्तव्य पथ पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान, रोशनी से जगमगाती रायसीना हिल की झलक फव्वारे में दिखाई दे रही है। आज कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक, कामरूप से लेकर कामाख्या तक, सोमनाथ से लेकर महाकाल तक, काशी से लेकर मोदी के जन्मस्थान वडनगर तक हर शहर, हर तीर्थ में दीवाली जैसा जश्न हुआ।