Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 पीएमएलए कोर्ट में 3700 पेज के सपोर्टिंग दस्तावेज प्रस्तुत 
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित सीजीपीएससी भर्ती घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने विशेष पीएमएलए कोर्ट में मामले से जुड़ी चार्जशीट पेश कर दी है। चार्जशीट में पूर्व सीजीपीएससी अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी, उत्कर्ष चंद्राकर और चेतन बोरघारिया के खिलाफ चालान पेश किया गया है।
इस मामले में ईडी ने अदालत के सामने 99 पन्नों की समरी के साथ करीब 3700 पन्नों के सपोर्टिंग दस्तावेज भी प्रस्तुत किए हैं। चार्जशीट में आरोपियों की भूमिका और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं का उल्लेख किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पीएमएलए कोर्ट में पेश किया चालान
सीजीपीएससी गड़बड़ी मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर ईडी ने यह चार्जशीट दाखिल की है। एजेंसी की ओर से पेश किए गए दस्तावेजों में मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अन्य साक्ष्यों से संबंधित जानकारी शामिल होने की बात कही गई है। चार्जशीट में टामन सिंह सोनवानी समेत सभी नामजद आरोपियों की कथित भूमिका का भी उल्लेख किया गया है। अब मामले में अदालत के स्तर पर आगे की न्यायिक प्रक्रिया चलेगी।

क्या है सीजीपीेससी भर्ती घोटाला मामला?
सीजीपीएससी भर्ती घोटाला मामला छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की वर्ष 2020 से 2022 के बीच आयोजित भर्ती परीक्षाओं और चयन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। आरोप है कि इस दौरान आयोजित परीक्षाओं और इंटरव्यू में योग्य अभ्यर्थियों की अनदेखी कर प्रभावशाली राजनेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों से जुड़े लोगों को डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर चयनित किया गया। इस मामले के सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ की सरकारी भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और चयन प्रणाली पर सवाल उठे थे।

सीबीआई को सौंपी गई थी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार के अनुरोध पर जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी गई थी। जांच के दौरान सीबीआई ने कई ठिकानों पर छापेमारी की और मामले से जुड़े दस्तावेज बरामद किए। जांच एजेंसी ने पूर्व सीजीपीएससी अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी, तत्कालीन उप परीक्षा नियंत्रक ललित गणवीर समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद मामले में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की जांच ईडी की ओर से की जा रही है। अब ईडी ने पीएमएलए की विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है।