Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 रायपुर प्रेस क्लब पहुंचे आचार्य इन्द्रेश महाराज ने एसआईआर, जेन जी आंदोलन से लेकर मंदिरों में वीआईपी दर्शन पर कही अपनी बात

रायपुर। कथावाचक आचार्य इन्द्रेश उपाध्याय महाराज शुक्रवार को रायपुर प्रेस क्लब में प्रेस से मिलिए कार्यक्रम हमर पहुना में शामिल हुए। इस दौरान आचार्य इंद्रेश ने एसआईआर, जेन जी आंदोलन से लेकर मंदिरों में वीआईपी दर्शन पर कही अपनी बात कही। 
राजनीति में धर्म के प्रवेश को लेकर आचार्य इन्द्रेश ने कहा कि राजनीति में धर्म का प्रवेश होना चाहिए, लेकिन धर्म में राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति बिना धर्म के नहीं चल सकती, लेकिन धर्म बिना राजनीति के चल सकता है।उन्होंने कहा कि कई बार राजनीति अपने लिए धर्म का प्रयोग करती है। इससे उपलब्धि मिल सकती है, लेकिन यह तरीका गलत है। कई जगह कथाओं में राजनेता कथा के भाव को अपने राजनीतिक हित से जोड़ने की कोशिश करते हैं, यह उचित नहीं।

जब दो पक्ष होते हैं, तो हारने वाला कुछ न कुछ कहते रहता है
एसआईआर को लेकर विपक्ष के आरोपों पर आचार्य इन्द्रेश ने कहा कि जब दो पक्ष होते हैं, तो हारने वाला कुछ न कुछ कहते रहता है। राजनेताओं को राजनीतिक परिस्थितियों में कुछ नहीं मिलता, तो वे वोटिंग मशीन, वोटिंग बूथ या ईवीएम में खराबी की बात कह देते हैं। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं। अगर वे गलत होते, तो प्रकृति उन्हें स्वीकार नहीं करती। इतने वर्षों तक कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री बना हुआ है, तो प्रकृति ने उसे स्वीकार किया है। इसके अलावा आचार्य इन्द्रेश उपाध्याय ने मंदिरों में वीआईपी दर्शन, राजनीति में धर्म के प्रवेश, गौ राष्ट्र की मांग और जेन जी के आंदोलन को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने इन सभी मुद्दों पर रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बयान दिया।

तिरुपति बालाजी जैसी व्यवस्था अन्य मंदिरों में भी होनी चाहिए
मंदिरों में वीआईपी दर्शन की व्यवस्था को लेकर आचार्य इन्द्रेश उपाध्याय ने कहा कि तिरुपति बालाजी में वीवीआईपी लोगों को भी दर्शन के लिए चार घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। उसी तरह अन्य मंदिरों में भी व्यवस्था होनी चाहिए। हम भी कई जगह जाते हैं और पब्लिक के बीच खड़े होकर दर्शन करते हैं। हालांकि, यदि कोई ऐसा व्यक्ति है, जिसकी वजह से भगदड़ की स्थिति बन सकती है, तो उसके लिए अलग दर्शन की व्यवस्था होनी चाहिए।

गौवंश नष्ट हो गया तो बड़ा असर पड़ेगा
गौ राष्ट्र बनाने की मांग को लेकर उन्होंने कहा कि पहले भारत में गाय के गोबर से ही खाद बनाई जाती थी, लेकिन गाय को लावारिस जीव समझकर कटवाकर भेज दिया जाता है। हम सभी बाहर की डेयरी से खुश हैं, लेकिन जिस दिन गौवंश नष्ट हो गया, उस दिन इसका बड़ा असर पड़ेगा। भारत में केवल करीब 15 करोड़ गौवंश बचा है और डेढ़ लाख गाय रोज कट रही हैं। संत लगातार बोल रहे हैं, लेकिन कोई नहीं समझ रहा है।

जो लोग पावरफुल होते हैं, वे विवादों में आ जाते हैं
जेन जी के आंदोलन पर आचार्य इन्द्रेश उपाध्याय ने कहा कि जो लोग पावरफुल होते हैं, वे विवादों में आ जाते हैं। पावर का इस्तेमाल सही तरीके से होना चाहिए। 440 वोल्ट की बिजली आ रही है, तो उससे बल्ब जलाकर प्रकाश करो, किसी को छुआकर तड़पाकर मारो मत। जेन जी का आंदोलन सभी ने देखा है, लेकिन इसी बीच राम मंदिर और सनातन धर्म को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कही जा रही हैं। देश के प्रधानमंत्री को भी भद्दी बातें बोली जा रही हैं। जो पावर 440 का होना था, वह 650 से 800 तक पहुंच रहा है। व्यक्ति पर जब बहुत ज्यादा पावर आने लगती है, तो वह आपा खोने लगता है और कुछ भी बोलने लगता है।