Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। भगवान राम और शंकर को लेकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के विवादास्पद बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पार्टी भारतीय समाज में टकराव पैदा कराने की राजनीति करते-करते अब हिंदू देवा-देवताओं को बांटने की फितरत पर उतर आयी है।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता रेड्डी ने "राम को अमीरों का और शंकर को गरीबों का भगवान " बताया था। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने पार्टी मुख्यालय पर संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भगवान श्री राम और शंकर भगवान को लेकर मुख्यमंत्री रेड्डी के बयान पर कांग्रेस को निशाना बनाया। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को नास्तिक करार देते हुए कहा कि श्री गांधी ने 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद सदन में ईश्वर के नाम पर शपथ ली थी, लेकिन 2024 में उन्होंने ऐसा नहीं किया। अब उन्हीं की पार्टी के नेता रेवंत रेड्डी कांग्रेस को गर्व के साथ एक धार्मिक समुदाय विशेष से जोड़ते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पूरी ताकत के साथ हिंदू समाज को बांटने की हर साजिश में शामिल है और वह हिंदू समाज को उत्तर और दक्षिण के बीच बांटना चाहती है।अब तेलंगाना के मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि "हम (दक्षिण वाले) द्रविड़ हैं और वे (उत्तर के) आर्य हैं।"

भाजपा प्रवक्ता ने इसी संदर्भ में कर्नाटक के वित्त मंत्री डी.के. सुरेश के बयान का भी उल्लेख किया जिसमें उन्होंने दक्षिण भारत अधिक कर देता है और उत्तर भारत कम कर देता है। उन्होंने कहा कि इससे पहले पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम भी कह चुके हैं कि अगर उत्तर भारत नहीं होता तो दक्षिण कहीं अधिक प्रगति करता। डॉ त्रिवेदी ने कहा, "यह (द्रविड और आर्य का) ऐसा मूर्खतापूर्ण सिद्धांत है, जिसे अब पूरी दुनिया में खारिज किया जा चुका है। यही रेड्डी साहब थे, जिन्होंने कहा था कि बिहार और तेलंगाना का डीएनए अलग है। इसके बाद भाषा, जाति और महिला-पुरुष के आधार पर बांटना भी इनका लक्ष्य है। अब तो ये लोग भगवानों को भी बांटने की हद तक पहुंच गए हैं।" भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह देश में राजनीति करने का सबसे घृणित उदाहरण है। श्री रेड्डी को कुछ पता नहीं है या उनसे यह कहलवाया जा रहा है।

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बाबा विश्वनाथ की धरती से सांसद हैं और उनके 'हर-हर महादेव' का जाप करने वाले एक नहीं, बल्कि अनेक वीडियो मौजूद हैं, लेकिन श्री गांधी के 'हर-हर महादेव ' का जाप करने वाला कोई वीडियो शायद खोजने पर भी नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन में सरकार चलाते-चलाते कांग्रेस पर इस्लामी प्रभाव इतना हावी हो गया है कि अब वे हिंदू धर्म के देवी-देवताओं को भी इस्लाम और ईसाई धर्म के नजरिए से देखने लगे हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, "कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए कि वह एक बिगड़े हुए राजकुमार के भटके हुए दिल की सनक के कारण खुद को किस हद तक डुबोना चाहती है।" उन्होंने कांग्रेस के साथ ही उसके नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा, "मैं कहना चाहता हूं कि इंडिया गठबंधन में कोई जोड़ ही नहीं है। किसने किसके साथ गठबंधन किया है, इसका कोई पता ही नहीं है।