Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 कहा- कांग्रेस कोषाध्यक्ष को सरकार ने गलत तरीके से जेल में रखा
 रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को रायपुर सेंट्रल जेल पहुंचे, जहां उन्होंने जेल में बंद कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल से मुलाकात की। जेल के भीतर दोनों के बीच करीब 10 मिनट तक बातचीत हुई। मुलाकात के बाद भूपेश बघेल ने रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी और जेल में रखे जाने को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रामगोपाल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष हैं। सरकार ने उन्हें गलत तरीके से जेल में बंद कर रखा है।
बता दें कि शराब घोटाला मामले में 5 नवंबर को बिलासपुर हाईकोर्ट से रामगोपाल अग्रवाल को जमानत मिल चुकी है। हालांकि, कोल घोटाले समेत अन्य मामलों में आरोपी होने के कारण उन्हें फिलहाल जेल में ही रहना होगा। शराब घोटाले में जमानत मिलने के बावजूद अन्य मामलों में राहत नहीं मिलने से उनकी जेल से रिहाई नहीं हो सकी है। सेंट्रल जेल में मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

दो में जमानत, 4 मामले अभी लंबित
बचाव पक्ष के वकील फैजल रिजवी के मुताबिक, रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ कुल 6 मामले दर्ज हैं। इनमें से 2 में उन्हें जमानत मिल चुकी है, जबकि 4 मामले अभी लंबित हैं। इन चारों में जमानत मिलने के बाद ही उनकी रिहाई संभव है। रिजवी का दावा है कि किसी भी FIR में रामगोपाल का नाम नहीं है। उन्हें पहले से अपराधी एक आरोपी के बयान के आधार पर फंसाया गया है। उन्होंने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए कहा, कांग्रेस कोषाध्यक्ष होने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया है।

ईडी का दावा- रामगोपाल की निगरानी में कांग्रेस कार्यालय पहुंचाए गए 880 करोड़
बता दें कि, छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ा खुलासा किया था। एजेंसी के मुताबिक, शराब सिंडिकेट से जुटाए गए करीब 860 से 880 करोड़ रुपए रायपुर के शंकर नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंचाए गए थे। ईडी का दावा है कि रामगोपाल अग्रवाल की निगरानी में यह पैसा कांग्रेस कार्यालय पहुंचाया गया। इस मामले में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्कालीन कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की दो अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया गया है। इन संपत्तियों की कीमत करीब 9.06 करोड़ रुपए बताई गई है। ईडी ने 8 अक्टूबर को संपत्तियों को अटैच करने का आदेश जारी किया था। इसके बाद 9 अक्टूबर को रायपुर की विशेष पीएमएलए कोर्ट में रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ पूरक अभियोजन शिकायत दाखिल की गई। रामगोपाल अग्रवाल को 11 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल वे न्यायिक हिरासत में हैं।