Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 दोनों मुख्यमंत्रियों की बैठक में समक्का सागर बैराज व बकाया बिजली बिल सहित अन्य साझा हितों से जुड़े विषयों पर हुई बातचीत 
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मंगलवार को नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ आगमन पर श्री रेड्डी का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर दोनों मुख्यमंत्रियों ने साझा हितों से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद और सहयोग बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। दोनों मुख्यमंत्रियों की बैठक में समक्का सागर बैराज व बकाया बिजली बिल सहित अन्य साझा हितों से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। 

जानकारी के मुताबिक बैठक में तेलंगाना के सीएम श्री रेड्डी ने मुख्यमंत्री श्री साय से गोदावरी नदी पर निर्माणाधीन समक्का सागर बैराज  के संचालन के लिए छत्तीसगढ़ सरकार से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने का आग्रह किया। वहीं मुख्यमंत्री श्री साय ने तेलंगाना सरकार पर बकाया करीब 3600 करोड़ रुपए के बिजली बिल के भुगतान का मुद्दा भी उठाया। सीएम रेवंत रेड्डी के साथ तेलंगाना का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी रायपुर पहुंचा। माना एयरपोर्ट पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत किया। दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच समक्का बैराज में पानी भरने से छत्तीसगढ़ के भोपालपट्टनम क्षेत्र के कुछ जमीन जलमग्न होने की आशंका पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि बैराज क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के दो गांव डूबान क्षेत्र में आ रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री श्री साय ने संभावित नुकसान और प्रभावित क्षेत्र का आकलन किए जाने की जानकारी दी। तेलंगाना सरकार प्रभावित भूमि का मुआवजा देने पर सहमति जता चुकी है। इसके अलावा अंतरराज्यीय जल विवाद और केंद्रीय जल आयोग की अंतिम मंजूरी से जुड़े पहलुओं पर भी विचार विमर्श किया गया। 
बैठक में मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ की ओर तेलंगाना पर बकाया 3600 करोड़ रुपए के बिजली बिल के भुगतान का मुद्दा भी उठाया। बताया गया कि छत्तीसगढ़ से बिजली आपूर्ति के एवज में यह राशि लंबे समय से लंबित है। बैठक में चर्चा के लिए पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अफसरों को भी बुलाया गया था। 
इस अवसर पर तेलंगाना के जल संसाधन मंत्री  एन. रेड्डी, छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री   राजेश अग्रवाल तथा छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कॉर्पाेरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव  विकासशील, तेलंगाना के मुख्य सचिव संजय जाजू, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, छत्तीसगढ़ जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो सहित तेलंगाना के मुख्यमंत्री के सचिव, जल संसाधन विभाग के सचिव एवं दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।