Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 फिक्की के कार्यक्रम में पीएम मोदी ने देश के बड़े उद्योगपतियों को लगाई फटकार
0 पीएम कहा-मैंने टैक्स छूट दी, न सैलरी बढ़ाई, न नौकरियां, फायदा जेब में भर लिया, जितना खिलाओ पेट नहीं भरता
नई दिल्ली। फिक्की की 100वीं सालगिरह पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमें 100 साल का इंतजार करने के बजाय यह सोचना चाहिए कि अगले 10 साल में देश के विकास के लिए क्या योगदान दे सकते हैं। मोदी ने कहा कि कारोबारी बिना झिझक अपनी समस्याएं और सुधारों से जुड़े सुझाव दें। सरकार उनके साथ खड़ी है। इस मौके पर पीएम मोदी ने देश के बड़े उद्योगपतियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि आपकी भूख इतनी है कि कितना भी खिलाओ, पेट नहीं भरता। 
पीएम ने कहा कि सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स 30% से घटाकर 22% किया और 12 लाख रुपए तक की सालाना कमाई टैक्स फ्री कर दी। लेकिन, क्या कंपनियों ने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? क्या कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई? उन्होंने कहा कि कंपनियों का रवैया ऐसा है कि ‘मोदी जी, आप करिए, हम तो सिर्फ देखते रहेंगे। क्या ऐसे ही काम चलता रहेगा?

क्वालिटी का भरोसा दिलाने के लिए एक्सपोर्ट क्वालिटी कहना पड़ता है'
पीएम ने कहा कि आप कस्टमर्स से कहते हैं, अरे लीजिए एक्सपोर्ट क्वालिटी है। आप देश के लोगों को क्या समझते हो भाई? क्या वो अच्छी क्वालिटी का हकदार नहीं है क्या? आज भी आपको ग्राहक को कहना पड़ता है कि एक्सपोर्ट क्वालिटी है। उसको भी लगता है, उन लोगों के लिए होगी तो अच्छी होगी। इस सोच को बदलना होगा। मेरे देशवासी क्वालिटी के हकदार हैं।'

140 करोड़ भारतीय बेहतर क्वालिटी के हकदार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वे 140 करोड़ भारतीयों को हल्के में न लें। उन्हें अपना पक्का ग्राहक न मानें। उन्होंने कहा कि कंपनियां यह सोचने के बजाय कि वे उत्पाद बनाएंगी, उसे भारतीय बाजार में खरीदार मिल ही जाएंगे। कंपनियां ये सोचें कि उनके प्रोडक्ट की गुणवत्ता क्या है और ये प्रोडक्ट अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हैं, या नहीं।

मेरी मत सुनो, गांधीजी की तो सुनो
मोदी ने कहा कि गांधी जी स्वदेशी अपनाने का संदेश दे गए। एक सदी बीत जाने के बाद भी यह संदेश आज भी प्रासंगिक है। आखिर उद्योग जगत को आज भी स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का महत्व क्यों याद दिलाना पड़ रहा है। सोचिए, 100 साल बीत चुके हैं। इतने साल बाद आज मुझे भी वही बात दोहरानी पड़ रही है। क्या यह आपकी सफलता है या विफलता? मेरी बात मत मानिए, कम से कम गांधीजी की तो मानिए भाई।

फिक्की देश के बड़े कारोबारियों का संगठन
फिक्की देश के बड़े कारोबारियों और कंपनियों का संगठन है। इसकी शुरुआत 1927 में हुई थी। यह कारोबारियों की समस्याएं और मांगें सरकार तक पहुंचाता है। साथ ही देश में कारोबार, निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए सरकार को सुझाव देता है। इसका मुख्यालय दिल्ली में है। गुरुवार को फिक्की की 100वीं सालगिरह पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में कार्यक्रम हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया और देश के बड़े उद्योगपतियों को संबोधित किया।

 

tranding
tranding