Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बग्गा के पिता प्रीतपाल सिंह बग्गा ने बताया कि आज सुबह 10-15 पुलिसकर्मी हमारे घर आए और तजिंदर को घसीटकर बाहर निकाला। जब मैंने घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए अपना मोबाइल फोन उठाया, तो पुलिस मुझे दूसरे कमरे में ले गई। यहां पुलिस ने मेरे चेहरे पर मुक्का मारा।

बग्गा की गिरफ्तारी के बाद भाजपा केजरीवाल पर हमलावर है। दिल्ली भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर कहा कि तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस के 50 जवान घर से गिरफ्तार करके ले गए। तजिंदर बग्गा एक सच्चा सरदार है। उसे ऐसी हरकतों से ना डराया जा सकता है, ना कमजोर किया जा सकता है। मिश्रा ने केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक सच्चे सरदार से इतना डर क्यों ?

इस मामले पर हरियाणा भाजपा नेता अरुण यादव ने दिल्ली के मुख्ययमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल तजिंदर बग्गा से डर गए हैं। अब पंजाब पुलिस का सहारा ले रहे हैं। ट्वीट कर यादव ने मामले में गृह मंत्री अमित शाह से संज्ञान लेने के लिए कहा है।

आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान ने कहा कि भाजपा नेता तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बग्गा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को धमकी दी थी।

केजरीवाल के खिलाफ विवादित ट्वीट करने का आरोप
तजिंदर पाल सिंह बग्गा पर केजरीवाल के खिलाफ विवादित ट्वीट करने का आरोप है। इस मामले में उनके खिलाफ मोहाली साइबर क्राइम ने केस दर्ज किया था। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता सन्नी आहलूवालिया की शिकायत पर यह मुकदमा पंजीकृत किया गया था। बग्गा पर आरोप है कि उन्होंने केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी। इस बारे में बग्गा के एक विवादित ट्वीट का हवाला दिया गया है, जो दिल्ली विधानसभा में ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म पर केजरीवाल के बयान के बाद बग्गा ने किया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बग्गा ने केजरीवाल को धमकी भरे लहजे में एक के बाद एक कई ट्वीट किए।

बिना सूचना के आई पंजाब पुलिस
एक ट्वीट में बग्गा ने कहा था कि मेरे खिलाफ एक नहीं 100 एफआईआर करो लेकिन केजरीवाल कश्मीरी पंडितों के नरसंहार को झूठा बोलेंगे तो मैं विरोध करूंगा। अगर वे कश्मीरी पंडितों के नरसंहार पर ठहाके लगा के हंसेंगे तो मैं विरोध करूंगा। चाहे उसके लिए मुझे जो अंजाम भुगतना पड़े, मैं तैयार हूं।

क्या कहा था केजरीवाल ने
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बजट सत्र को संबोधित करते हुए ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म को टैक्स फ्री करने की भाजपा की मांग पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि टैक्स फ्री करने के बजाय फिल्म को यूट्यूब पर डाल दो।