Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

मुंबई। मां कहने के लिए तो बस एक शब्द है, लेकिन आपको इसमें पूरी दुनिया मिल जाती है। एक मां अपनी जिंदगी का एक-एक पल अपने बच्चों के नाम कर देती है। वह अपने सारे दुख-दर्द भूलकर अपने बच्चों की खुशी के लिए कुछ भी कर गुजरती है। मां को भगवान का दर्जा दिया गया है। कहा जाता है कि भगवान हर जगह मौजूद नहीं हो सकते हैं, इस वजह से उन्होंने मां को बनाया।

वैसे तो मां को समर्पित करने के लिए 365 दिन भी कम हैं, लेकिन मई के हर दूसरे रविवार को मां के लिए खासतौर पर मदर्स डे मनाया जाता है। हिंदी सिनेमा में भी मां पर कई फिल्में बन चुकी हैं। आज हम आपको बॉलीवुड की उन फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसमें एक्ट्रेस ने अपने से बड़े उम्र के एक्टर की मां का रोल निभाया है। आइए एक नजर डालते हैं इन अभिनेत्रियों पर...

नरगिस दत्त
एक्ट्रेस नरगिस दत्त ने कई यादगार रोल निभाए हैं। उन्हें फिल्म मदर इंडिया में निभाए गए किरदार के लिए आज भी याद किया जाता है। इस फिल्म में वह सुनील दत्त और राजेंद्र कुमार की मां बनी थीं। बहुत कम लोगों को यह बात पता होगी कि वह सुनील दत्त से एक साल छोटी थीं। इसके अलावा रियल लाइफ में नरगिस सुनील दत्त की पत्नी बनीं।

राखी
70-80 के दशक में राखी की गिनती फिल्म इंडस्ट्री की सबसे खूबसूरत अभिनेत्रियों में होती थी। हालांकि वह भी अपने से बड़े उम्र के अभिनेता की ऑन स्क्रीन मां बन चुकी हैं। फिल्म शक्ति में उन्होंने अमिताभ बच्चन की मां का रोल निभाया था। अमिताभ राखी से उम्र में पांच साल बड़े हैं।

रीमा लागू
अभिनेत्री रीमा लागू ने अपने करियर में कई हिंदी फिल्मों में मां का किरदर अदा किया। उन्होंने बॉलीवुड के कई सुपरस्टार की मां का रोल निभाया, जिसमें एक्टर संजय दत्त भी शामिल हैं। फिल्म वास्तव में रीमा संजय की मां बनी थीं। रियल लाइफ की बात करें तो रीमा संजय दत्त से उम्र में एक साल छोटी थीं। फिल्म वास्तव में रीमा के अभिनय को लोगों ने खूब पसंद किया था। फिल्म का निर्देशन संजय मांजरेकर ने किया था।

शेफाली शाह
एक्ट्रेस शेफाली शाह फिल्म वक्त में अक्षय कुमार की मां का किरदार निभा चुकी हैं। इस फिल्म में वह अमिताभ बच्चन की पत्नी के रोल में थीं। बता दें कि अक्षय कुमार उम्र में शेफाली शाह से पांच साल बड़े हैं। हालांकि इस रोल को उन्होंने इतने अच्छे से निभाया है कि आपको फिल्म देखते समय जरा भी अंदाजा नहीं लग सकेगा कि वह अक्षय से कम उम्र की हैं।