0 25 साल संख्या नहीं बदलेगी, संबंधित महिला आरक्षण विधेयक को भी मंजूरी
0 30 नवंबर को लोकसभा, 2 दिसंबर को राज्यसभा में बिल आएगा
नई दिल्ली। केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार को परिसीमन संशोधन विधेयक और इससे संबंधित महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दे दी। परिसीमन विधेयक में सभी राज्यों में अनुपात के आधार पर लोकसभा में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव है। न्यूज एजेंसी न्यूज एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी की अध्यक्षता में सेवा तीर्थ में करीब एक घंटे बैठक चली। यह माना जा रहा है कि सरकार इन विधेयकों को 30 नवम्बर से बुलाई गई संसद की बैठक में पेश करने वाली है।
लोकसभा में अभी 543 सीटें हैं। 50% बढ़ोतरी के बाद ये 815 हो जाएंगी। यानी 272 सीटें बढ़ेंगी। बढ़ाई गई सभी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं। कुल सीटों की यह संख्या अगले 25 साल तक नहीं बदलेगी।
सूत्रों के मुताबिक, नए बिल में कुछ बदलाव किए गए हैं, ताकि परिसीमन के बाद किसी भी राज्य की लोकसभा में सीटों की हिस्सेदारी दूसरे राज्यों के मुकाबले कम न हो। सरकार इसे 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पास कराना चाहती है। सूत्रों का कहना है कि लोकसभा में सीटों की यह संख्या अगले 25 वर्षों तक फ्रीज रहेगी। परिसीमन विधेयक के आधार पर ही लोकसभा में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण का प्रावधान किया जाएगा।
इस बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि बैठक में सरकार सदन की स्वीकृति के लिए अति महत्वपूर्ण कामकाज लायेगी। उन्होंने सभी सांसदों से चर्चा में गंभीरता से भाग लेने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर और एक दिसंबर को लोकसभा में बहुत ही महत्वपूर्ण 'बिजनेस' लाया जायेगा और उसे ही दो और तीन दिसंबर को राज्यसभा में पेश किया जायेगा। उन्होंने इस संबंध में किसी विधेयक का नाम नहीं लिया और कहा कि कामकाज क्या होगा इसकी जानकारी उचित समय पर दे दी जायेगी। लोकसभा और राज्यसभा सचिवालय ने संसद की इस बैठक को मानसून सत्र का दूसरा भाग बताया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ था और 13 अगस्त को दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई थी लेकिन अभी तक औपचारिक रूप से सत्रावसान नहीं किया गया था। इस तरह दोनों सदनों की ये बैठकें मानसून सत्र का ही विस्तार होंगी।
आमतौर पर मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के कुछ दिन बाद सत्रावसान कर दिया जाता है और नवम्बर के अंतिम सप्ताह में शीतकालीन सत्र बुलाया जाता है। सत्रावसान करने के बाद नए सत्र के लिए राष्ट्रपति से अनुमति ली जाती है लेकिन इस बार मानूसन सत्र का सत्रावसान न किए जाने की वजह से राष्ट्रपति की अनुमति की जरूरत नहीं है। विपक्ष मानसून सत्र का सत्रावसान न किए जाने को लेकर सरकार की नीयत पर सवाल उठाता रहा है और इसे संसदीय परंपराओं का उल्लंघन करार देता रहा है।
विपक्षी दलाें विशेष रूप से कांग्रेस का आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी का संंसदीय लोकतंत्र में भरोसा नहीं है। विपक्ष लगातार यह भी कहता रहा है कि सरकार परिसीमन विधेयक तथा महिला आरक्षण संबंधी विधेयक को जोड़ तोड़ से पारित कराने के लिए अचानक संसद की बैठक बुलाना चाहती है इसीलिए मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं किया जा रहा है। सरकार गत अप्रैल में परिसीमन विधेयक लोकसभा में लाई थी लेकिन विपक्ष की एकजुटता के कारण मतविभाजन में यह विधेयक गिर गया था।
संविधान संशोधन विधेयक होने के कारण इसे पारित कराने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत है। इस बीच सरकार इन विधेयकों को पारित कराने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों से परोक्ष रूप से बातचीत करती रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा कई अन्य मंत्री लगातार यह कहते रहे हैं कि महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार महिला आरक्षण विधेयक पारित अवश्य कराएगी।
सुप्रिया सुले इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगी
एनसीपी-एसपी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को कहा कि वह शनिवार को होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगी। यह बैठक संसद के विशेष सत्र में विपक्ष की रणनीति तय करने के लिए बुलाई गई है। सुले ने इसकी वजह अपने पिता शरद पवार की खराब तबीयत बताई।
राज्यवार प्रस्तावित लोकसभा सीटें
राज्य/यूटी वर्तमान सीटें प्रस्तावित सीटें बढ़ोतरी
उत्तर प्रदेश 80 120 40
महाराष्ट्र 48 72 24
प. बंगाल 42 63 21
बिहार 40 60 20
तमिलनाडु 39 59 20
मध्यप्रदेश 29 44 15
कर्नाटक 28 42 14
गुजरात 26 39 13
आंध्रप्रदेश 25 38 13
राजस्थान 25 38 13
ओडिशा 21 32 11
केरल 20 30 10
तेलंगाना 17 26 09
असम 14 21 07
झारखंड 14 21 07
पंजाब 13 20 07
छत्तीसगढ़ 11 17 06
हरियाणा 10 15 05
जम्मू-कश्मीर 06 09 03
उत्तराखंड 05 08 03
दिल्ली 07 11 04
हिमाचल प्रदेश 04 06 02
त्रिपुरा 02 03 01
मणिपुर 02 03 01
मेघालय 02 03 01
गोवा 02 03 01
अरुणाचल 02 03 01
नागालैंड 01 02 01
पुडुचेरी 01 02 01
मिजोरम 01 02 01
चंडीगढ़ 01 02 01
सिक्किम 01 02 01
अंडमान और निकोबार 01 02 01
दादरा और नगर हवेली 01 02 01
दमन और दीव 01 02 01
लक्षद्वीप 01 02 01
कुल 543 815 272
(आंकड़े अनुमानित हैं)