Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 15 हजार करोड़ की मदद दी, नेपाल को एक हवाई रास्ता देने पर भारत राजी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नेपाल के साथ रिश्तों को और मजबूत करने के लिए 15 हजार करोड़ भारतीय रुपए की मदद का ऐलान किया। बालेन शाह के भारत के पहले द्विपक्षीय दौरे को दोनों देशों की गहरी दोस्ती का प्रतीक बताते हुए मोदी ने साझा इतिहास, संस्कृति और आस्था का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि भगवान राम और माता सीता भारत-नेपाल की साझा सभ्यता के प्रतीक हैं। 2018 में जनकपुर यात्रा को याद करते हुए मोदी ने कहा कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई देने की बात कही। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत और समुद्र की तरह विशाल हैं। दोनों देशों के लोग एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। इस दौरान नेपाल-भारत के बीच काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई रूट दोनों तरफ से शुरू करने पर सहमति बनी। इससे लखनऊ से आने वाले विमान भैरहवा के रास्ते काठमांडू पहुंच सकेंगे।

अयोध्या से जनकपुर के बीच शुरू हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस
भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा की शुरुआत की गई। दोनों प्रधानमंत्रियों ने इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस रेल सेवा से दोनों देशों के बीच आवागमन आसान होगा। साथ ही रामायण सर्किट से जुड़े धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। दोनों देशों ने बौद्ध और शिव-शक्ति धार्मिक पर्यटन सर्किट के तहत भी इसी तरह की कनेक्टिविटी विकसित करने पर सहमति जताई। इसके अलावा, प्रस्तावित रक्सौल-काठमांडू इलेक्ट्रिफाइड ब्रॉडगेज रेल लाइन के फील्ड लोकेशन सर्वे को अंतिम रूप देने की घोषणा की गई। दोनों देश नेपाल में ईस्ट-वेस्ट रेलवे के विकास में भी सहयोग करेंगे।

नेपाल-भारत के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने पर सहमति
बालेन शाह के भारत दौरे में दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क को लेकर अहम फैसला हुआ है। काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ (बी-345) हवाई रास्ते को अब दोनों दिशाओं में इस्तेमाल किया जा सकेगा। अभी इस रास्ते का इस्तेमाल नेपाल से भारत जाने वाली उड़ानों के लिए होता है। नए फैसले के बाद भारत से आने वाले विमान भी इसी रास्ते से नेपाल में प्रवेश कर सकेंगे। हालांकि, महेंद्रनगर वाले रास्ते पर अभी सहमति नहीं बनी है। दोनों देशों के अधिकारी इस पर बातचीत कर रहे हैं। नए फैसले से पश्चिमी नेपाल में स्थित भैरहवा के गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचना आसान हो सकता है। नेपाल को उम्मीद है कि इससे भैरहवा और पोखरा के हवाई अड्डों पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी।

महेंद्रनगर वाले रास्ते पर सहमति नहीं बनी
नेपाल की दूसरी बड़ी मांग महेंद्रनगर के रास्ते अंतरराष्ट्रीय विमानों को भारत की तरफ से नेपाल में प्रवेश देने की है। यह काठमांडू-महेंद्रनगर (एल-626) हवाई रास्ता है। अभी इस रास्ते का इस्तेमाल नेपाल से बाहर जाने वाली उड़ानों के लिए किया जा सकता है। नेपाल चाहता है कि भारत से आने वाले विमान भी इसी रास्ते से नेपाल में प्रवेश कर सकें। इस रास्ते पर सहमति नहीं बनने की एक बड़ी वजह विमानों की उड़ान की ऊंचाई को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेद है।

नेपाल 15 हजार करोड़ में से कर्ज वाला हिस्सा ब्याज सहित लौटाएगा
मदद की रकम में दो हिस्से होती है। अनुदान और रियायती कर्ज। अनुदान वापस नहीं करना होता। जबकि रियायती कर्ज ब्याज सहित लौटाना होता है। भारत की 15 हजार करोड़ की मदद में दोनों हिस्से शामिल हैं। हालांकि, अभी यह जानकारी नहीं आई है कि इसमें कितना अनुदान और कितना कर्ज है। भारत ने 2015 में नेपाल में आए भूकंप के बाद 1 अरब डॉलर की सहायता दी थी। इसमें 250 मिलियन डॉलर अनुदान और 750 मिलियन डॉलर कर्ज था।

‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल’ का साझा विजन अपनाया
दोनों प्रधानमंत्रियों ने ‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल’ के लिए संयुक्त विजन दस्तावेज अपनाया. इसके तहत दोनों देश आर्थिक और विकास साझेदारी, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, जल संसाधन और लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करेंगे। इसके अलावा जलवायु परिवर्तन से निपटने, आपदा प्रबंधन, खेल, स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं, अंतरिक्ष और नवाचार जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल की विकास यात्रा में भारत के निरंतर सहयोग का भरोसा दिया। वहीं, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने नेपाल में रासुवा-भोटेकोशी बाढ़ के बाद भारत की ओर से दी गई मानवीय और तकनीकी सहायता के लिए आभार जताया। इस बाढ़ में बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ था।

नेपाल को गुजरात के कांडला पोर्ट से मिलेगी व्यापार की सुविधा
भारत ने नेपाल के ट्रांजिट व्यापार के लिए गुजरात के दीनदयाल पोर्ट (कांडला) के माध्यम से एक नया रास्ता उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके अलावा जरूरी बुनियादी ढांचा तैयार होने के बाद ओडिशा के पारादीप पोर्ट तक भी नेपाल को पहुंच दी जाएगी। दोनों देशों ने सीमा पार कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया. इसके तहत नई रेल लाइनें, पुल, इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) और पेट्रोलियम पाइपलाइन विकसित की जाएंगी। बनबसा में नए इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट की आधारशिला भी वर्चुअल माध्यम से रखी गई. वहीं, भैरहवा, सुनौली और दोधारा-चांदनी में चेक पोस्ट के निर्माण में हुई प्रगति का स्वागत किया गया। भारत और नेपाल के बीच पहले से तीन इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट चालू हैं। इसके अलावा, भारत के धारचूला और नेपाल के दार्चुला के बीच नए मोटर योग्य सीमा पुल का उद्घाटन किया गया. इससे पश्चिमी नेपाल और भारत के बीच सीधा संपर्क बेहतर होगा। 

पेट्रोलियम पाइपलाइन और हाइड्रोपावर परियोजनाओं को मिलेगी गति
भारत और नेपाल ने पेट्रोलियम क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण को नेपाल की जनता को समर्पित किया। दोनों प्रधानमंत्रियों ने नेपाल के झापा में पेट्रोलियम टर्मिनल विकसित करने की आधारशिला भी रखी। इसके साथ ही सिलीगुड़ी से झापा के बीच पेट्रोलियम पाइपलाइन का काम जल्द शुरू करने पर जोर दिया गया। दोनों देश गैस पाइपलाइन के निर्माण में सहयोग की संभावनाएं भी तलाशेंगे। ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए दोनों नेताओं ने 669 मेगावाट की लोअर अरुण हाइड्रोइलेक्ट्रिक परियोजना की आधारशिला वर्चुअल माध्यम से रखी. भारत की कंपनियां नेपाल में कई जलविद्युत परियोजनाओं पर काम कर रही हैं. दोनों देशों ने इन परियोजनाओं को जल्द पूरा करने पर सहमति जताई। 
इसके अलावा, पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को जल्द अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया। सप्तकोशी और सुनकोशी बहुउद्देशीय परियोजनाओं की डीपीआर तैयार करने का काम भी तेज किया जाएगा। इन परियोजनाओं का उद्देश्य जल संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करना और बाढ़ के प्रभाव को कम करना है। दोनों देशों ने इनारुवा-न्यू पूर्णिया और दोधोधारा-बरेली के बीच दो बड़ी सीमा पार बिजली ट्रांसमिशन लाइनों के लिए संयुक्त उपक्रम (जेवी) बनाने की दिशा में हुई प्रगति पर भी संतोष जताया। 

नेपाल में आईआईटी का ऑफशोर कैंपस स्थापित करेगा भारत
भारत नेपाल में एक ऑफशोर आईआईटी कैंपस स्थापित करेगा। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने इस पर सहमति जताई. इससे नेपाल के शिक्षा क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। दोनों देशों ने स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं और वित्तीय कनेक्टिविटी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया। साथ ही नेपाल और भारत में रहने वाले एक-दूसरे देश के नागरिकों के लिए बैंकिंग और टेलीकॉम जैसी सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने की जरूरत पर सहमति जताई। 

भारत-नेपाल के बीच 8 समझौतों का आदान-प्रदान
प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच आठ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान हुआ। इनमें प्रमुख रूप से ये समझौते शामिल हैं।
0 गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और नेपाल पुलिस के अपराध जांच विभाग के बीच अकादमिक और शोध सहयोग।
0 भारत की राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और नेपाल की राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के बीच सहयोग। 
0 नेपाल के सरकारी कर्मचारियों के क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रीय सुशासन केंद्र और नेपाल प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज के बीच समझौता। 
0 आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के क्षेत्र में सहयोग।
0 इसरो और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया सैटेलाइट के इस्तेमाल के लिए सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क की स्थापना। 
0 सतत शहरी विकास के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग। 
0 स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग। 
0 पशुधन और मत्स्य विकास के क्षेत्र में सहयोग। 

पीएम मोदी को नेपाल आने का न्योता
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने भारत की यात्रा के दौरान मिले आतिथ्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने पीएम मोदी को नेपाल आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया। हालांकि, उनकी नेपाल यात्रा की तारीख राजनयिक माध्यमों से तय की जाएगी। संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में दोनों देशों ने कहा कि भारत और नेपाल की साझेदारी गहरे विश्वास, दोस्ती, आपसी सम्मान और समझ पर आधारित है। दोनों देशों के बीच मजबूत जनसंपर्क, आर्थिक सहयोग और विकास साझेदारी इस रिश्ते को और मजबूत बनाते हैं।

tranding
tranding