Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

मुंबई। हिंदी सिनेमा में रामसे ब्रदर्स और भाखड़ी ब्रदर्स से लेकर राम गोपाल वर्मा और विक्रम भट्ट तक की हॉरर फिल्मों ने बड़े परदे पर अलौकिक और पारलौकिक शक्तियों का एक अलग संसार रचा है। रामसे ब्रदर्स ने अगर मुखौटों वाले भूतों से लोगों को खूब डराया तो राजकुमार कोहली जैसे निर्देशक भी हुए जिन्होंने कभी नागिन तो कभी जानी दुश्मन जैसी फिल्में बनाकर रहस्य और रोमांच में भय का अद्भुत मिश्रण किया। राम गोपाल वर्मा ने डरावनी फिल्मों को खंडहरों, पुराने मंदिरों और हवेलियों से निकालकर मेट्रो की सैर कराई। भोजपुरी सिनेमा में भी समय समय पर हॉरर फिल्में बनती रही हैं, इनमें से कुछ को सफलता भी मिली। आइए आपको बताते हैं ऐसी ही कुछ भोजपुरी हॉरर फिल्मों के बारे में... बैरी कंगना 1992 में बनी कुणाल और मीरा माधुरी अभिनीत फिल्म 'बैरी कंगना' उन दिनों की सिल्वर जुबली फिल्म थी। इसे भोजपुरी की पहली कामयाब हॉरर फिल्म भी कहा जाता है। इस फिल्म का निर्देशन निहाल सिंह ने किया था। उस समय की यह सबसे ज्यादा चर्चित हॉरर फिल्म थी। फिर इसी नाम को भुनाने के लिए 'बैरी कंगना 2' बनी है जिसमें रवि किशन, काजल राघवानी की जोड़ी थी। 2018 में रिलीज हुई इस फिल्म को उतनी सफलता नहीं मिली थी जितनी कुणाल की फिल्म बैरी कंगना को मिली थी। मंगल फेरा गोविंदा के भांजे विनय आनंद कई भोजपुरी फिल्मे कर चुके है लेकिन उनको यहां भी उतनी सफलता नहीं मिली। 2013 में भी उनकी हॉरर फिल्म 'मंगल फेरा' आई थी। यह भोजपुरी के साथ साथ गुजरती और नेपाली में भी बनी। गायत्री राठौर द्वारा निर्मित इस फिल्म का निर्देशन श्रीधर शेट्टी ने किया था। भोजपुरी में यह फिल्म उतनी सफल तो नहीं रही अलबत्ता इस फिल्म को गुजराती में थोड़ा बहुत पसंद किया गया। बलमा बिहार वाला 2 'बलमा बिहार वाला 2' शीर्षक से तो लगता है कि यह कोई रोमांटिक फिल्म होगी। लेकिन ऐसा नहीं है। यह फिल्म पूरी तरह से हॉरर फिल्म है। इस फिल्म में अरविंद अकेला कल्लू और पाखी हेगड़े की जोड़ी है। इस फिल्म को विष्णुशंकर बेलू ने निर्देशित किया था जबकि फिल्म के निर्माता रितेश ठाकुर थे। यह फिल्म 4 मार्च 2016 को रिलीज हुई थी। बिहार और मुंबई में इस फिल्म को अच्छी ओपनिंग मिली। बाप रे बाप 'बाप रे बाप' हॉरर कॉमेडी फिल्म थी जिसमें गौरव झा, आंचल सोनी की जोड़ी थी। इस फिल्म की खास बात ये रही कि फिल्म की नायिका आंचल सोनी ने ही इस फिल्म का निर्माण किया था और फिल्म के गाने भी खुद ही लिखे थे। इस फिल्म को जी.जे. रॉक्स ने निर्देशित किया। यह फिल्म 13 अक्टूबर 2017 को रिलीज हुई थी। फिल्म को उतनी सफलता नहीं मिली जितनी की उम्मीद इस फिल्म से की जा रही थी। घूंघट में घोटाला इस फिल्म का निर्माण दिनेश लाल यादव निरहुआ ने अपने होम प्रोडक्शन निरहुआ एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया। इस फिल्म में दिनेश लाल यादव निरहुआ के भाई प्रवेश लाल यादव और मणि भट्टाचार्य की जोड़ी थी और फिल्म को मंजुल ठाकुर ने निर्देशित किया था। इस फिल्म के बाद अब घूंघट में घोटाला का सीक्वल भी घूंघट में घोटाला 2 बनकर तैयार है। इस फिल्म में दिनेश लाल यादव निरहुआ गेस्ट अपीरियंस में दिखेंगे डायन भोजपुरी में कुछ हॉरर फिल्में इन दिनों और भी बन रही हैं। ऐसी ही एक फिल्म में गायक से नायक बने अवधेश प्रेमी डेब्यू कर रहे है। डायन नामक इस फिल्म में दीपक दिलदार की भी काफी अहम भूमिका है। इस फिल्म में अभिनेत्री तनुश्री खूंखार डायन के रूप में भोजपुरी बोलती नजर आएंगी। इस फिल्म का निर्माण नेहा श्री ने किया है जबकि फिल्म के निर्देशक रितेश ठाकुर हैं। खेसारी लाल यादव भी इससे पहले एक हॉरर फिल्म बदला डायन का नाम से कर चुके हैं। बैरी सुरतिया लेखक, निर्माता. निर्देशक सुनील कुमार सुमन की एक हॉरर फिल्म 'बैरी सुरतिया' जल्द रिलीज होने वाली है। उनका दावा है कि ये फिल्म भोजपुरी सिनेमा के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इस फिल्म में कुलदीप कुमार, खुशबू सावन, प्रकाश जैस और कृष्णा भट्ट जैसे कलाकरों ने काम किया है।