
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर शहर के एक मुस्लिम युवक ने घर वापसी करते हुए हिंदू धर्म अपना लिया है। युवक ने स्वेच्छा से यह कदम उठाया। युवक ने रामजानकी मंदिर में गंगा स्नान कर मंत्रोच्चार से विधिवत पूजन और हनुमान चालीसा का पाठ किया। राष्ट्रीय गोरक्षक संघ तथा विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने युवक को श्रीराम नाम का पटका व माला पहनाकर स्वागत किया। गुलनाज नामक युवक का अब नया नाम विराट रखा गया है।
मंगलवार को खिरनीबाग स्थित राजजानकी मंदिर में राष्ट्रीय गोरक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी पद्मनाभ महाराज के सानिध्य में मुस्लिम युवक गुलनाज उर्फ सोनू ने सनातन धर्म को अपनाया। घर वापसी कर अब वह विराट बन गया है।
युवक ने कहा कि हमारे पूर्वज सनातनी थे। उनके बारे में जानकारी हुई और अच्छा बुरा समझने लगा तो घर वापसी का मन बनाया। बताया कि उसके परिवार में मां, बहन, भाई भी हैं। उनके इस फैसले से किसी को कोई दिक्कत नहीं है। बोले कि वह अपने मूल धर्म में आकर गौरव का अनुभव कर रहे हैं। पिछले कई वर्षों से लगातार हनुमानजी की सेवा करता चले रहे हैं।
स्वामी पद्मनाभ महाराज ने कहा कि घर वापसी का यह शुभकार्य बदलते हुए भारत की यह तस्वीर है। कहा कि जो लोग मजबूरन दूसरे समुदायों में पड़े हुए थे, अब वह पुन: घर वापसी करके अपने पूर्वजों की गलतियों को सुधारने का काम कर रहे हैं। विहिप के जिला मंत्री राजेश अवस्थी ने कहा कि सनातन धर्म सबसे बड़ा धर्म है। जो लोग इस्लाम धर्म से कट गए थे, उनकी फिर घर वापसी कराने का काम विश्व हिंदू परिषद कर रहा है और लगातार तत्पर है।
सभी को स्वैच्छिक रूप से सनातन धर्म में वापस लाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर की धरती से घर वापसी का अभियान शुरू हुआ है, यह संपूर्ण देश में चलेगा। दूसरे समुदाय से लोग सनातन धर्म में वापसी कर रहे हैं हम उनका स्वागत, अभिनंदन करते हैं।