Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने  'इंसाफ रैली' में लगाया आरोप

संगरूर (पंजाब)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नियंत्रण होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि श्री मोदी 'देशद्रोही' हैं और वह आमने-सामने की बहस में पांच मिनट के भीतर इसे साबित भी कर देंगे।
श्री गांधी ने यहां बुधवार को 'इंसाफ रैली' को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी को आमने-सामने बहस करने की चुनौती दी थी। उन्होंने कहा कि बहस में निर्णायक के तौर पर प्रधानमंत्री जिसे चाहें, उसे बैठा सकते हैं। वह मोहन भागवत या अडानी को भी निर्णायक बनाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री संसद में चर्चा की बात करते हैं लेकिन वहां विपक्ष का माइक बंद कर दिया जाता है और उसे बोलने नहीं दिया जाता। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री उनके सामने बैठकर बहस करने की हिम्मत नहीं कर सकते।
उन्होंने आरोप लगाया कि डोनाल्ड ट्रंप प्रधानमंत्री मोदी को नियंत्रित करते हैं और यही वजह है कि ट्रंप ने धमकाकर उनसे पांच मिनट के भीतर अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करवा लिये। इस समझौते के लिए न तो मंत्रिमंडल की बैठक बुलायी गयी और न ही नौकरशाहों से सलाह ली गयी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समझौते से देश के किसानों के हितों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने अमेरिका के सामने कुछ नहीं बोला। ट्रंप लगातार दावा करते हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी इस पर कुछ नहीं बोल पाते। उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री श्री ट्रंप के इस दावे का जवाब क्यों नहीं देते।
श्री गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री किसानों, छोटे और मझोले उद्योगों तथा आम कारोबारियों के हितों की रक्षा करने के बजाय बड़े उद्योगपतियों के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने किसानों के खिलाफ काम किया और देश का पूरा बुनियादी ढांचा अडानी जैसे उद्योगपतियों के हवाले किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में एक समय कांग्रेस की सरकार के दौरान ऑटोमोबाइल उद्योग के साथ बड़ी संख्या में लघु एवं मध्यम उद्योग थे, जिनसे रोजगार के अवसर पैदा होते थे। किसानों और छोटे-मझोले उद्योगों की रक्षा के बिना पंजाब का विकास संभव नहीं है।
उन्होंने अमेरिका में अडानी के खिलाफ चल रहे मामले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि व्यापार समझौते के बाद अमेरिका ने अडानी की कंपनी के खिलाफ मामला बंद कर दिया। कांग्रेस नेता ने गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्होंने पंजाब से तीन साल में नशा खत्म करने का वादा किया है, लेकिन उनका यह दावा पूरा नहीं होगा। उन्होंने आकलन जताया कि मौजूदा सरकार एक साल भी नहीं चलेगी और तीन साल बाद अमित शाह गृह मंत्री भी नहीं रहेंगे। उन्होंने सवाल किया कि नशे के खिलाफ कार्रवाई में जो हेरोइन और अन्य मादक पदार्थ पकड़े जाते हैं, उनका गृह मंत्री ने क्या किया।
उन्होंने कहा कि अमित शाह को बताना चाहिए कि जब इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ पकड़े जा रहे हैं तो उनके खिलाफ क्या कार्रवाई हुई है। श्री गांधी ने कहा कि पंजाब को ऐसी सरकार की जरूरत है जो राज्य के लोगों और युवाओं के हित में काम करे। कांग्रेस की सरकार बनने पर पंजाब का शासन दिल्ली से नहीं, बल्कि पंजाब से चलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अभी पंजाब सरकार की आधी कमान अमित शाह और आधी दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के हाथ में है, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान केवल बैठे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब का मुख्यमंत्री वास्तव में पंजाब का मुख्यमंत्री होना चाहिए और राज्य का शासन न तो केंद्रीय गृह मंत्री चलाएं और न ही दिल्ली का कोई पूर्व मुख्यमंत्री।